IPL में खेलेगा हिसार का छोरा दक्ष कामरा, KKR ने 30 लाख की बोली लगाकर खरीदा
हरियाणा अंडर 23 टीम के खिलाड़ी दक्ष कामरा आने वाले समय में आईपीएल में KKR की तरफ से खेलते हुए दिखेंगे.

Published : December 20, 2025 at 5:12 PM IST
हिसारः हरियाणा के हिसार के गली-मोहल्ले में क्रिकेट खेलने वाले दक्ष का चयन IPL के लिए हुआ है. दक्ष कामरा को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 30 लाख रुपये में खरीदा है. 22 वर्षीय दक्ष हरियाणा के अंडर 23 टीम का खिलाड़ी है. इसी के साथ दक्ष ने अपने परिजनों का सपना पूरा कर दिखाया है. आईपीएल के मुकाबले 26 मार्च 2026 से 31 मई 2026 के बीच खेले जाएंगे.
'हार्दिक पांड्या के बैटिंग से प्रभावित हूं': दक्ष ने कहा कि "क्रिकेट की दुनिया में हरियाणा, हिसार और देश का नाम रोशन करना चाहता हूं. इसके लिए मैं लगातार मेहनत कर रहा हूं." जहाजपुर के रहने वाले दक्ष कामरा ने अपना रोल मॉडल बॉलर वरुण चक्रवर्ती को बताया. उसने बताया कि "मैं वरुण चक्रवर्ती के स्पिन से प्रभावित हूं. बैटिंग के मामले में हार्दिक पांड्या से प्रभावित हूं."
अंडर 19 हिसार टीम का हिस्सा रहाः दक्ष कामरा को शुरुआत से क्रिकेट का माहौल मिला है. पहले गली-मोहल्ले में दोस्तों के संग क्रिकेट खेलना शुरू किया था. इसके बाद क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास शुरू किया. उसने एचएयू और जीजेयू में भी क्रिकेट का अभ्यास किया. शाहबाद में कोच सरजोत के पास उसने अपने खेल को विकसित किया. दक्ष ने 2014 में क्रिकेट खेलना शुरू किया. इस दौरान उन्हें अंडर 19 हिसार जिला टीम में खेलने का मौका मिला.

सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को दिया: दक्ष के पिता राकेश कामरा कंस्ट्रक्शन से जुड़े हैं. दक्ष की एक बड़ी बहन है, जो एमबीए कर रही है. पिता राकेश कामरा ने बताया कि "वे खुद क्रिकेटर रहे हैं, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण कैरियर आगे नहीं बढ़ा सके." राकेश ने बताया कि "जब दक्ष ने गली-मोहल्ले में खेलना शुरू किया, तो उन्होंने उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए क्रिकेट अकादमी भेजा. वो दो साल से हरियाणा की टीम में खेल रहा है. " दक्ष ने सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने कोच को देते हुए कहा कि "मेरी नहीं, सबकी मेहनत का परिणाम है." दक्ष ने बताया कि उन्हें खुद से आईपीएल में बहुत अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है. आईपीएल-2026 में चयन होने पर उन्हें उनके सभी कोच ने फोन कर बधाई दी. इसके अलावा माता-पिता, बहन सभी ने खुशी जताई है. हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक अनिरुद्ध चौधरी ने काफी सपोर्ट किया है.
2 टीमों के लिए दक्ष ने दिया था ट्रायलः मिडिल आर्डर में उतरकर चौके-छक्कों से मैच का रुख पलटने की क्षमता रखने वाले दक्ष पिछले दो वर्षों से हरियाणा अंडर-23 क्रिकेट टीम का हिस्सा है. दक्ष ने राजस्थान रॉयल्स के साथ-साथ केकेआर के लिए ट्रायल दिया था. अंततः उसका चयन केकेआर में हुआ.

क्या बोले दक्ष के कोचः दक्ष ने क्रिकेट की बारीकियां तोशाम रोड स्थित एलीट क्रिकेट एकेडमी में सीखा है. उनके कोच विकास चौधरी और संदीप खरब का कहना है कि "दक्ष बीते तीन वर्षों से नियमित अभ्यास कर रहा है. लेग स्पिन गेंदबाज है. बल्लेबाजी में दक्ष की पहचान एक ऑलराउंडर के रूप में रही है. मिडिल ऑर्डर में उतरकर चौके-छक्कों से मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं. वह दो वर्षों से हरियाणा अंडर-23 टीम का हिस्सा रहा है और हिसार अंडर-23 और सीनियर टीम की भी कप्तानी भी कर चुका है."


