कनिष्क चौहान का झज्जर में ग्रैंड वेलकम, मां की आंखों से छलके खुशी के आंसू
अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर झज्जर लौटे क्रिकेटर कनिष्क चौहान का ग्रैंड वेलकम किया गया है.

Published : February 9, 2026 at 5:19 PM IST
झज्जर : हरियाणा के झज्जर जिले के कुलाना गांव में अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर लौटे होनहार क्रिकेट खिलाड़ी कनिष्क चौहान का सोमवार को भव्य स्वागत किया गया. जैसे ही कनिष्क चौहान गांव पहुंचे, वहां उत्सव का माहौल बन गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की वर्षा और “भारत माता की जय” के नारों के बीच ग्रामीणों ने अपने लाडले बेटे का जोरदार अभिनंदन किया.
कनिष्क चौहान का ग्रैंड वेलकम : कनिष्क चौहान जब गांव की गलियों में पहुंचे तो उनके जुलूस में सैकड़ों लोग शामिल रहे. युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला. हर कोई कनिष्क के साथ फोटो खिंचवाने और उसे बधाई देने के लिए आतुर नजर आया. गांव के प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वार लगाए गए थे और कई स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं से खिलाड़ी का सम्मान किया.
मां की आंखों से छलके खुशी के आंसू : इस दौरान सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब कनिष्क की मां अपने बेटे को देखकर खुद को रोक नहीं सकीं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. उनकी मां ने कहा कि “अच्छा लगता है, जब आपका सपना पूरा होता है. हमने जो बेटे के लिए सोचा था, वो आज साकार हो गया. आज सिर्फ हमारा नहीं, पूरे गांव का सपना पूरा हुआ है.” मां ने आगे कहा कि "कनिष्क ने बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनून दिखाया और हर कठिन परिस्थिति में मेहनत और अनुशासन को नहीं छोड़ा. उन्होंने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि ने परिवार के साथ-साथ गांव का भी नाम रोशन कर दिया है".
कनिष्क के उज्जवल भविष्य की कामना : कनिष्क चौहान के स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों ने कनिष्क को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. गांव के बुजुर्गों ने कहा कि कनिष्क की सफलता से इलाके के बच्चों में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कनिष्क देश की सीनियर टीम में भी जगह बनाकर गांव और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा.
सपने होते साकार : कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने बताया कि कनिष्क की मेहनत और संघर्ष उनकी पीढ़ी के लिए प्रेरणा है. ग्रामीणों ने एक आवाज़ में कहा कि गांव का ये बेटा अब पूरे क्षेत्र की पहचान बन चुका है. U19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर कनिष्क चौहान ने ये साबित कर दिया है कि छोटे गांवों से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : टी-20 वर्ल्ड कप: हरियाणा के क्रिकेटर यूएई टीम की जीत के लिए उतरेंगे मैदान पर, कभी हरियाणा रणजी टीम में नहीं हुए थे शामिल
ये भी पढ़ें : झज्जर के छोरे ने फिर किया कमाल, अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप फाइनल में दिखाया जलवा, मां बोली- "जो सोचा, वो कर दिखाया"
ये भी पढ़ें : झज्जर के लाल ने रचा इतिहास, अंडर-19 वर्ल्ड कप में कनिष्क चौहान बने मैन ऑफ द मैच, पिता ने कहा- "छोरे ने तो लट्ठ गाड़ दिया"

