ETV Bharat / sports

विजय हजारे ट्रॉफी में चौथा मैच हारा उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ ने 8 रन से दी शिकस्त

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26, छत्तीसगढ़ ने 8 रन से उत्तराखंड को हराया, 4 मैच हारकर उत्तराखंड के नॉक आउट में पहुंचने की संभावनाएं खत्म

Vijay Hazare Trophy 2026
विजय हजारे ट्रॉफी (फोटो- ETV Bharat GFX)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 8, 2026 at 6:04 PM IST

|

Updated : January 8, 2026 at 6:12 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/देहरादून: जयपुर के केएल सैनी स्टेडियम में खेले गए विजय हजारे वनडे ट्रॉफी के मैच में उत्तराखंड को छत्तीसगढ़ ने हरा दिया. उत्तराखंड के कप्तान ने टॉस जीता, लेकिन लक्ष्य का पीछा करने में टीम असफल रही. छत्तीसगढ़ ने रोमांचक मुकाबला 8 से जीत लिया. छत्तीसगढ़ की जीत के हीरो देव आदित्य सिंह रहे. उन्होंने अपने 10 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 4 विकेट लिए. अंतिम ओवर में देव ने 11 रन नहीं बनने दिए.

266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तराखंड की शुरुआत बेहद खराब रही. एसी अयाची पांचवें ओवर में 14 गेंदों पर 1 रन की बोरिंग पारी खेलकर आउट हो गए. तब टीम का स्कोर सिर्फ 10 रन था. इसके बाद संस्कार रावत भी 22 गेंदों पर 13 रनों की धीमी पारी खेलकर टीम के कुल 17 रन के योग पर पवेलियन लौट आए.

इसके बाद कप्तान कुणाल चंदेला और शाश्वत डंगवाल ने तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. टीम के 70 रन के स्कोर पर शाश्वत डंगवाल 22 रन बनाकर आउट हो गए. चौथे विकेट के लिए चंदेला और आंजनेय सूर्यवंशी ने 69 रनों की कीमती साझेदारी की. अर्धशतक बनाने के बाद कप्तान कुणाल चंदेला 67 रन बनाकर टीम के 139 रन के स्कोर पर आउट हो गए.

इसके बाद आंजनेय सूर्यवंशी के साथ सुचित जे ने मोर्चा संभाला. 201 के टीम के स्कोर पर शानदार खेल रहे आंजनेय सूर्यवंशी 62 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद सौरभ रावत और हर्षित के विकेट जल्दी-जल्दी गिरने से उत्तराखंड की टीम बैकफुट पर आ गई. लेकिन सुचित जे ने लड़ाई जारी रखी. आखिरकर 255 रन के स्कोर पर सुचित के आउट होते ही उत्तराखंड की उम्मीदें भी ध्वस्त हो गई. टीम 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 258 रन ही बना सकी और 8 रन से मैच हार गई.

इससे पहले उत्तराखंड के कप्तान कुणाल चंदेला ने टॉस जीता और पहले फील्डिंग का फैसला लिया. छत्तीसगढ़ के ओपनरों आयुष पांडे और एजी तिवारी ने टीम को सधी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े. इस स्कोर पर आयुष पांडे आयाची की गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हो गए. अभी छत्तीसगढ़ का स्कोर 77 पहुंचा था कि उन्हें तिवारी के रूप में दूसरा झटका लगा.

तिवारी ने 33 रन बनाए और उन्हें मयंक मिश्रा ने बोल्ड किया. 96 रन पर छत्तीसगढ़ ने मयंक वर्मा के रूप में अपना तीसरा विकेट खो दिया. विकेट कीपर मयंक ने 21 रन बनाए. उन्हें सुचित ने बोरा के हाथों कैच कराया. टीम का स्कोर अभी 116 पहुंचा था कि संजीत के रूप में छत्तीसगढ़ को चौथा झटका संजीत देसाई के रूप में लगा. संजीत केवल 17 रन बना सके और अभय नेगी की गेंद पर बोल्ड आउट हो गए.

टीम के 153 के स्कोर पर विकल्प तिवारी भी पांचवें विकेट के रूप में आउट हो गए. विकल्प ने 26 गेंदों पर 35 रनों की तेज तर्रार पारी खेली जिसमें 1 छक्का और 3 चौके शामिल थे. विकल्प अयाची का दूसरा शिकार बने. इसके बाद कप्तान अमनदीप खरे और पीएम यादव के बीच तूफानी साझेदारी देखने को मिली. दोनों ने सिर्फ 6 ओवर में 56 रनों की साझेदारी कर डाली. यादव के 25 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट होने पर ये साझेदारी टूटी.

यादव को मयंक मिश्रा ने बोल्ड आउट करके अपनी दूसरी सफलता हासिल की. दूसरे छोर पर कप्तान अमनदीप खरे का संघर्ष जारी रहा. अमनदीप 49वें ओवर में 64 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे. अमनदीप को अभय नेगी ने पवेलियन भेजकर अपना दूसरा विकेट हासिल किया. आखिरकार छत्तीसगढ़ की टीम 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर 265 के कुल योग पर आउट हो गई.

उत्तराखंड की ओर से सबसे सफल बॉलर कमल बोरा रहे. कमल ने 9 ओवर में 55 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. अभय नेगी ने 10 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट चटकाए. मयंक मिश्रा ने 10 ओवर में 48 रन देकर 2 विकेट लिए. एसी अयाची को 6 ओवर में 31 रन खर्च करने के बाद 2 विकेट मिले. सुचित को एक विकेट मिला.

उत्तराखंड खेल चुकी 7 मैच, 3 में जीत तो 4 में मिली हार: बता दें कि अपने एलीट ग्रुप सी में उत्तराखंड ने अब तक 7 मैच खेले हैं. इनमें उसे सिर्फ 3 में जीत और 4 में हार मिली है. प्वाइंट टेबल में उत्तराखंड 12 अंकों के साथ 6वें नंबर पर है. ग्रुप में पंजाब पहले नंबर पर और मुंबई दूसरे स्थान पर है.

ये भी पढ़ें-

Last Updated : January 8, 2026 at 6:12 PM IST