ETV Bharat / sports

एशियाई रग्बी मंच पर बिहार की बड़ी दस्तक, भारतीय टीम में 8 खिलाड़ी, रोहित और सलोनी संभालेंगे कप्तानी

खेल में बिहार का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है. इसका उदाहरण एक बार फिर से देखने को मिला है. रिपोर्ट- कृष्णनंदन

BIHAR RUGBY PLAYERS
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन (Bihar State Sports Authority)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 1, 2026 at 7:53 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की खेल प्रतिभा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है. चीन के किंगदाओ में 5 और 6 सितंबर को आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया रग्बी एमिरेट्स सेवेंस-2026 में बिहार के आठ खिलाड़ी भारतीय टीम की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे. खास बात यह है कि इन आठ खिलाड़ियों में चार महिला और चार पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं. ये खिलाड़ी एशिया के अलग-अलग देशों की मजबूत टीमों के खिलाफ मैदान में उतरकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.

रोहित कुमार और सलोनी कुमारी के कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी : बिहार के लिए यह उपलब्धि इसलिए और भी खास हो गई है, क्योंकि राज्य के दो खिलाड़ियों रोहित कुमार और सलोनी कुमारी को भारतीय पुरुष और महिला टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अंडर-18 एशिया रग्बी एमिरेट्स सेवेंस-2026 एशियाई स्तर की महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में शामिल है, जिसमें भारत सहित नौ देशों की टीमें भाग लेंगी. ऐसे में बिहार के आठ खिलाड़ियों का एक साथ भारतीय टीम में चयन राज्य के रग्बी खेल के बढ़ते कद को भी दर्शाता है.

भारत का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व : रोहित कुमार के लिए यह अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहला अनुभव नहीं है. बिहार के खिलाड़ी पहले भी भारतीय अंडर-18 रग्बी टीम का हिस्सा बन चुके हैं. वर्ष 2024 में भी रोहित कुमार समेत बिहार के खिलाड़ियों ने एशिया रग्बी अंडर-18 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बिहार के खिलाड़ियों की मौजूदगी यह संकेत देती है कि राज्य में रग्बी के प्रति खिलाड़ियों की रुचि और प्रतिभा दोनों तेजी से आगे बढ़ रही हैं.

कौन-कौन हैं टीम में शामिल? : भारतीय टीम के लिए चुने गए बिहार के खिलाड़ियों में ब्यूटी कुमारी, पवन कुमार, सलोनी कुमारी, रोहित कुमार, अति कुमारी, शुभम कुमार, सिमरन प्रवीण और बजरंगी कुमार शामिल हैं. इनमें चार महिला और चार पुरुष खिलाड़ी हैं. सभी खिलाड़ी चीन के किंगदाओ में भारतीय टीम के साथ एशियाई प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.

श्रेयसी सिंह जताई खुशी : बिहार के आठ खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खुशी जताई है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए एशियाई प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं. खेल मंत्री ने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों का एशियाई स्तर की प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है. उन्होंने विशेष रूप से रोहित कुमार और सलोनी कुमारी को भारतीय टीम की कप्तानी मिलने को बिहार की खेल प्रतिभा की बड़ी उपलब्धि बताया.

श्रेयसी सिंह, खेल मंत्री, बिहार
श्रेयसी सिंह, खेल मंत्री, बिहार (ETV Bharat)

''यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि बिहार के खिलाड़ी अब केवल राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं. राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए जरूरी अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है. सरकार का प्रयास है कि बिहार के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य और देश का नाम रोशन करें.''- श्रेयसी सिंह, खेल मंत्री, बिहार

अब बिहार के इन आठ युवा खिलाड़ियों पर चीन के किंगदाओ में सबकी नजर रहेगी. 5 और 6 सितंबर को जब भारतीय पुरुष और महिला टीमें एशियाई रग्बी मैदान पर उतरेंगी, तो भारतीय जर्सी में बिहार के आठ खिलाड़ी भी अपनी रफ्तार, फिटनेस और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे. बिहार के लिए यह प्रतियोगिता सिर्फ आठ खिलाड़ियों की भागीदारी नहीं, बल्कि एशियाई रग्बी मंच पर राष्ट्रीय टीम में राज्य की मजबूत होती दस्तक है.

ये भी पढ़ें :-

'हाफ पैंट पहनकर खेलती है..' रोज मारते थे ताना, मजदूर पिता की बेटियों ने Gold से दिया जवाब

13 साल की उम्र से चाय की दुकान में कर रहे काम.. अब बने नेशनल खिलाड़ी, प्रेरणादायक है रग्बी चैंपियन की कहानी