बुमराह से यॉर्कर और बोल्ट से स्विंग बॉलिंग सीखेंगे बिहार के मोहम्मद इजहार, MI में सिलेक्शन पर उत्साहित
मुंबई इंडियन टीम में शामिल हुए बिहार के मोहम्मद इजहार को रेड बॉल क्रिकेट पसंद है. कहा कि धोनी की सलाह ने आत्मविश्वास बढ़ाया.

Published : December 19, 2025 at 4:12 PM IST
पटना : आईपीएल 2026 में बिहार क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इजहार मुंबई इंडियंस की टीम से खेलते नजर आएंगे. आईपीएल के मिनी ऑक्शन में इजहार को मुंबई इंडियंस की टीम ने 30 लाख रुपए में अपने टीम में शामिल किया है. इजहार सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड के ठुठी गांव के रहने वाले हैं.
इजहार ने ईटीवी भारत से बातचीत में बताया कि जैसे ही मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में लिया और इसकी खबर सामने आई, उनके मोबाइल पर ढ़ाई सौ से अधिक फोन आए और अंत में उन्हें मोबाइल बंद करना पड़ा. सभी बधाई और शुभकामनाएं दे रहे थे और वाकई यह इनफॉरमेशन जब उनको मिला तो उन्हें जो खुशी हुई वह बयां नहीं कर सकते.
'बड़े खिलाड़ियों से सीखना है' : मोहम्मद इजहार ने कहा कि जब भी कोई खिलाड़ी क्रिकेट शुरू करता है तो उसका सपना होता है कि आईपीएल खेले और भारतीय टीम का हिस्सा बने. वह ऊपर वाले का शुक्र गुजार है कि यह मौका उन्हें मिला है और अब उनकी कोशिश होगी कि जब भी मैच खेलने का मौका मिले तो अपना सर्वश्रेष्ठ दें. इसके साथ ही वह अपना मेहनत निरंतर जारी रखेंगे ताकि भारतीय टीम का भी एक दिन हिस्सा बन सकें. अभी जिस टीम में हैं वहां एक से एक दिग्गज तेज गेंदबाज शामिल है और उनसे सीखना है.
'स्टार्क की बॉलिंग है सबसे पसंद' : मोहम्मद इजहार ने बताया कि उन्होंने जब क्रिकेट शुरू किया तो बाएं हाथ से गेंद फेंकने में सहज रहे. बचपन से ही क्रिकेट में गेंदबाजी अच्छी लगी है और तेज गेंदबाज उन्हें हमेशा पसंद रहे हैं. उन्हें ब्रेट ली, शोएब अख्तर जैसे गेंदबाजों की गेंदबाजी अच्छी लगती है. उनके आइडल मिचेल स्टार्क है और वह उन्हें फॉलो करते हैं.

''स्टार्क भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और मैं भी बाएं हाथ से गेंदबाजी करता हूं. हमारी टीम में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंड बोल्ट जैसे दिग्गज गेंदबाज हैं. कोशिश होगी कि बुमराह से परफेक्ट यॉर्कर डालने का स्किल सीखें और बोल्ट से स्विंग बॉलिंग करना सीखें. बोल्ट बाएं हाथ के गेंदबाज है तो उनसे काफी सीखने को मिलेगा.''- मोहम्मद इजहार, क्रिकेटर
अच्छा लगता है फ्लाइंग स्टंप : मोहम्मद इजहार बताते हैं कि उन्हें शुरू से फ्लाइंग स्टंप अच्छा लगता है. बल्लेबाज चाहे कोई भी हो जब वह गेंद करते हैं और स्टंप पर लगता है और स्टंप हवा में उड़ता है तो यह उनके लिए सबसे सुखद पल होता है. अब उत्साहित हैं कि मुंबई इंडियंस में बड़े प्लेयर्स के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा.

'इंजीनियर बनना चाहते थे' : इजहार ने बताया कि शुरू में उनका क्रिकेट में इंटरेस्ट नहीं था और वह इंजीनियर बनना चाहते थे. 2013 में जब वह किशनगंज के एक स्कूल में पढ़ने जाते थे तो वहां कुछ बच्चों को क्रिकेट खेलने देखते थे. फिर उनके साथ उन्होंने भी क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया और उन्हें धीरे-धीरे मैदान पर समय बिताना अच्छा लगने लगा.
दो दोस्तों ने क्रिकेट क्लब से जोड़ा : मोहम्मद इजहार बताते हैं कि वह दो भाई हैं और उनके पिता मोहम्मद सलाउद्दीन शिक्षक हैं और माता शबनम खातून गृहणी हैं. उन्होंने मुख्य रूप से क्रिकेट इंटरमीडिएट के बाद ही शुरू की है. इंटरमीडिएट के बाद वह लेफ्ट आर्म फास्ट बोलिंग टेनिस बॉल से शुरू किये. दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते थे तो दोस्तों को उनकी फास्ट बोलिंग पसंद थी.
''मेरे दो दोस्त बीरबल और जयचंद एक क्लब में जाते थे. इसके बाद मुझे भी उसी कोसी क्रिकेट क्लब में ले जाने लगे. वहां प्रैक्टिस शुरू किया. इन सब के बीच बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को मान्यता मिल गई तो डिस्ट्रिक्ट लेवल के मैच हुए. ट्रायल के बाद बिहार क्रिकेट में चयन हो गया.''- मोहम्मद इजहार, क्रिकेटर

पिता का मिला पूरा सपोर्ट : मोहम्मद इजहार बताते हैं कि उनके पिता शिक्षक हैं और मध्यम वर्गीय परिवार है. कई बार उनके एसेसरीज के लिए पिता को काफी आर्थिक दिक्कत का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके सामने कभी किसी चीज की पिता ने कमी नहीं होने दी. पिता ने हमेशा उनका पूरा सपोर्ट किया है और पूरे फैमिली में सबसे अधिक उन्हें कोई सपोर्ट किया है तो वह उनके पिता है.
मोहम्मद इजहार कहते हैं कि क्रिकेट खेलने लगे तो रिलेशन के लोग भी सपोर्ट करने लगे. उन्होंने अपने कोच के मार्गदर्शन में ही प्रैक्टिस की है और उनका दिन का रूटीन तय नहीं है. क्लब के कोच जो टास्क दे देते हैं वह पूरा करते हैं. कभी 2 घंटे नेट पर बोलिंग तो कभी 4 से 6 घंटे नेट पर बॉलिंग का निर्देश मिलता है और वह इतनी देर बॉलिंग करते हैं.
धोनी की सलाह आयी काम : मोहम्मद इजहार ने बताया कि इसी साल उनका चयन नेट बॉलर के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हुआ था. यह उनके लिए एक गोल्डन अवसर था, जिसका उन्हें काफी लाभ हुआ. बड़े खिलाड़ियों से इंटरेक्शन हुआ और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज खिलाड़ी का मार्गदर्शन मिला. धोनी की सलाह ने उन्हें मोटिवेटेड रहने में काफी मदद किया है.

''धोनी ने हमेशा समझाया कि सब्र रखो और अपना काम करते रहो. हमेशा अच्छा गेंद डालने की कोशिश करो और यह चिंता मत करो कि चयन होगा या नहीं होगा. अच्छा करोगे तो परिणाम अच्छा मिलेगा. यह सीख आत्मविश्वास को मजबूत करने में काफी मदद किया.''- मोहम्मद इजहार, क्रिकेटर
रेड बॉल क्रिकेट है पसंद : मोहम्मद इजहार ने बताया कि उन्हें क्रिकेट में रेड बॉल से बॉलिंग करना सबसे पसंद है और टेस्ट क्रिकेट हमेशा उन्हें अच्छा लगता है. हालांकि क्रिकेटर हैं तो व्हाइट बॉल भी अच्छी है और जो अवसर मिल रहा है उसके लिए वह ऊपर वाले का शुक्र गुजार हैं.
''व्हाइट बॉल क्रिकेट में कई बार बैट्समैन की गलती से विकेट मिल जाता है. लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में विकेट लेने के लिए बैट्समैन को सेट करना पड़ता है. रेड बॉल से बॉलिंग में स्किल बहुत महत्वपूर्ण होता है. जब बॉल स्विंग करता है और बैट्समैन बीट होते हैं तो कॉन्फिडेंस मजबूत होता है. रेड बॉल क्रिकेट में पेशेंस बहुत मायने रखता है और एक्यूरेसी का बहुत ध्यान देना होता है.''- मोहम्मद इजहार, क्रिकेटर
ये भी पढ़ें :-
किसान का बेटा खेलेगा IPL, SRH ने इतने में खरीदा, भाई बोले- 'खूब मेनहत करो..'
'जमकर खेलो बेटा..' सार्थक रंजन को KKR ने IPL के लिए खरीदा, पप्पू यादव ने लिखा स्वीट मैसेज

