पावर लिफ्टिंग में भास्कर शाह ने रिकॉर्ड तोड़ा, 340 किलोग्राम वजन उठाकर दिखाई अपनी पावर
पावर लिफ्टिंग नेशनल प्रतियोगिता में पंजाब के खिलाड़ी भास्कर शाह ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ कर एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया.

Published : January 11, 2026 at 7:50 PM IST
फरीदाबादः जिले में स्थित इंडोर स्टेडियम में 7 जनवरी से चल रहे 34वें नेशनल बेंच प्रेस चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया. इस चैंपियनशिप में देश के अलग-अलग राज्यों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में हर उम्र के खिलाड़ी शामिल हुए. प्रतियोगिता में किसी ने 40 किलो का वजन उठाया तो किसी ने 300 किलोग्राम से ज्यादा का वजन उठाया.
पंजाब से खेलते हैं भास्कर शाह : इस पावरलिफ्टिंग नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन हरियाणा की तरफ से किया गया था. इसमें कई कैटगरी बनाई गई थी जिसके तहत सब जूनियर, जूनियर, सीनियर, मास्टर लेवल के खिलाड़ियों ने पार्टिसिपेट किया और मेडल पर कब्जा किया. इस दौरान कई रिकॉर्ड बने और कई रिकॉर्ड टूटे. इन्हीं में से पंजाब से आए खिलाड़ी भास्कर शाह ने अपना ही एक रिकॉर्ड तोड़ा. दरअसल भास्कर शाह ने 340 किलो वजन उठाकर एक नया नेशनल रिकॉर्ड बना दिया.
स्ट्रांग मैन का दसवां खिताब अपने नाम किया : ईटीवी से बातचीत में भास्कर शाह ने बताया कि "मैंने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए आज एक नया रिकॉर्ड बनाया है. आज मैंने 340 किलो वजन उठाया है, जो एक नया रिकॉर्ड है. इससे पहले मैंने कॉमनवेल्थ गेम्स में 332 किलो वजन उठाकर एक रिकॉर्ड बनाया था, जिसको आज मैंने तोड़ दिया. अब मेरी अगली तैयारी वर्ल्ड चैंपियनशिप की है. वर्ल्ड चैंपियनशिप रिकॉर्ड से मैं सिर्फ साढ़े 6 किलो पीछे हूं. मेरी पूरी तैयारी है कि वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बने, जिसके लिए अभी से मेहनत कर रहा हूं. मैं बीते 10 सालों से पावर लिफ्टिंग का खिलाड़ी हूं. पिछले 10 सालों से ही मेरे नाम पर स्ट्रांग मैन का टाइटल है, जो पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी के लिए एक सपना होता है.
पावर लिफ्टिंग में भास्कर के नाम कई रिकॉर्ड : आपको बता दें इंडोर स्टेडियम में पहली बार इस तरह का कोई कॉम्पिटिशन हुआ है जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से पावर लिफ्टिंग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. 7 जनवरी से इसकी शुरुआत हुई थी और आज इसका विधिवत समापन हो गया. हालांकि इस दौरान कई खिलाड़ियों ने मेडल जीता. लेकिन इन सब में से भास्कर शाह एक मात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम पर रिकॉर्ड है. इस पावर लिफ्टिंग कॉम्पिटिशन में भी सबसे ज्यादा वजन भास्कर शाह ने उठाया और एक रिकॉर्ड बनाया.


