आयरलैंड में एक टीम खराब प्रिंटर की वजह से क्रिकेट मैच हार गई, जानें कैसे?
क्रिकेट जगत में ये अजीबो गरीब नतीजा नॉर्थ वेस्ट क्रिकेट यूनियन प्रीमियर लीग में देखने को मिला.

Published : August 31, 2026 at 5:22 PM IST
हैदराबाद: क्रिकेट मैच में हार और जीत का नियम क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी 'ICC' ने बना रखा है. कभी कोई टीम डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम की वजह से हारती है, तो कभी किसी मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकलता है.
हर टीम को उस नियम के आधार पर हार को स्वीकार भी करना पड़ता है. लेकिन क्या आप ने कभी ये सुना है कि प्रिंटर खराब होने की वजह से एक टीम को हार का सामना करना पड़ा. हालांकि ऐसा हुआ है और नॉर्दर्न आयरलैंड में एक टीम को खराब प्रिंटर की वजह से मैच हारना पड़ा.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल नॉर्दन आयरलैंड में नॉर्थ वेस्ट क्रिकेट यूनियन प्रीमियर लीग में शनिवार को बैलीस्पैलन ने एग्लिंटन की मेजबानी की. एग्लिंटन की टीम 48.1 ओवर में 159 रन पर ऑल आउट हो गई. 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए, बारिश के कारण बैलीस्पैलन की पारी सिर्फ दो ओवर के बाद रोक दी गई. उस समय बैलीस्पैलन ने 19 रन बना लिए थे. लेकिन जब बारिश रुक गई तो अंपायर ने घोषणा की कि डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) मेथड से हिसाब लगाकर मैच दोबारा शुरू होगा.
खराब प्रिंटर के कारण मेहमान टीम हुई विजई
खराब मौसम के कारण मैच में ओवर कम होने की उम्मीद थी, लेकिन समस्या यह थी कि DLS शीट तैयार नहीं हो सकीं क्योंकि बैलीस्पैलन का प्रिंटर काम नहीं कर रहा था. शीट के बिना, DLS नियम लागू नहीं किए जा सका. जिसकी वजह से मेहमान टीम एलिंगटन को विजेता घोषित कर दिया गया. DLS शीट के बिना, बारिश रुकने के बाद एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी.
अनोखा नियम
यह अनोखा फैसला नॉर्थ वेस्ट क्रिकेट यूनियन के नियमों की वजह से रहा. जो ये कहता है कि अगर दोनों टीमों और अंपायरों को DLS कैलकुलेशन शीट नहीं दी जा सकती है, तो मैच की मेजबानी करने वाली टीम को तुरंत मैच छोड़ना होगा. इसी वजह से बैलीस्पैलन को हार का सामना करना पड़ा, क्योंकि वो मेजबान टीम थी. बैलीस्पैलन की तकनीकी खराबी ने उनसे प्रीमियर लीग में पांचवीं जीत का मौका छीन लिया.
नियमों में यह भी साफ तौर पर कहा गया है कि घरेलू टीम के पास जरूरी सॉफ्टवेयर वाला कंप्यूटर, काफी पेपर और इंक वाला चालू प्रिंटर और एक ऑपरेटर होना चाहिए. ऐसा न करने पर होम टीम को खमियाजा भुगतना होगा.

