ETV Bharat / spiritual

मां को कंधे पर केदारनाथ यात्रा, पैदल नापे 1800 किमी, ये हैं आज के 'श्रवण' कुमार

उत्तर प्रदेश बदायूं के रहने वाले धीरज ने केदारनाथ तक का पैदल सफर 3 महीने में पूरा किया है. रोहित डिमरी की रिपोर्ट

Kedarnath yatra
ये हैं आज का 'श्रवण' कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 24, 2026 at 7:36 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रप्रयाग(उत्तराखंड) चारधाम यात्रा के दौरान भक्ति आस्था, समर्पण के तमाम किरदार देखने को मिल रहे हैं. उत्तर प्रदेश बदायूं जिले का रहने वाला धीरज भी इन्हीं किरदारों में से एक है. धीरज अपनी माता को कंधों पर बैठाकर लगभग 1800 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी कर केदारनाथ धाम पहुंचा है. ऐसा कर धीरज ने मातृभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है. धीरज ने यह यात्रा महज तीन महीने 24 दिन में पूरी की है.

धीरज ने बताया उनकी माता की लंबे समय से बाबा केदारनाथ के दर्शन करने की इच्छा थी. मां की इस मनोकामना को पूरा करने के लिए उन्होंने संकल्प लिया. जिसके बाद बिना किसी विशेष साधन के पूरी यात्रा पैदल तय करने का निर्णय लिया. रास्ते की तमाम कठिनाइयों, मौसम की चुनौतियों और शारीरिक थकान के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. वह अपनी मां को कंधों पर लेकर लगातार आगे बढ़ता रहा.

केदारघाटी में उमड़ी भीड़, भावुक हुए लोग: जैसे ही धीरज अपनी माता को कंधों पर लेकर केदारघाटी पहुंचे, वहां मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए. उनकी इस अद्भुत भक्ति और समर्पण को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं. कई लोगों ने धीरज का स्वागत किया. सभी ने उनके इस जज्बे को सलाम किया.

आज का 'श्रवण' कुमार (ETV Bharat)

अब धीरज अपनी माता के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन करने के लिए तैयार हैं. उनकी यह कठिन तपस्या अब पूर्ण होने वाली है. धीरज की यह यात्रा न सिर्फ एक बेटे के अपने मां के प्रति प्रेम को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि सच्ची श्रद्धा और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी दूरी और कठिनाई बड़ी नहीं होती. यह कहानी आज के दौर में लोगों के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो यह सिखाती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो असंभव भी संभव हो सकता है.

शिव प्रतिमा कंधे पर उठाकर पहुंचा केदारनाथ: दिल्ली से केदारनाथ पहुंचे एक श्रद्धालु ने भी अपनी भक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है. यह श्रद्धालु भगवान शिव की भव्य प्रतिमा को अपने कंधों पर उठाकर कठिन पैदल यात्रा पूरी कर केदारनाथ पहुंचा है. दुर्गम रास्तों, बदलते मौसम और शारीरिक थकान के बावजूद उनका उत्साह और विश्वास जरा भी कम नहीं हुआ. केदारनाथ धाम पहुंचने पर यह दृश्य हर किसी के लिए आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र बन गया.

Kedarnath yatra
शिव प्रतिमा कंधे पर उठाकर पहुंचा केदारनाथ (ETV Bharat)

श्रद्धालु ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया बाबा केदार के दर्शन उनके जीवन के सबसे सुखद और अविस्मरणीय क्षणों में से एक रहे. उन्होंने कहा पूरी यात्रा के दौरान उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ, जिसने हर कठिनाई को आसान बना दिया.


प्रशासन और सुरक्षा बलों की सराहना: श्रद्धालु ने विशेष रूप से रुद्रप्रयाग पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सेना के जवानों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा, मार्गदर्शन और सहायता के लिए हर स्तर पर बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं. साथ ही, तैनात कर्मियों का विनम्र और सहयोगी व्यवहार यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है.

‘पिलग्रिम-फ्रेंडली’ व्यवस्था बनी मिसाल: केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष “पिलग्रिम-फ्रेंडली” व्यवस्था स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है. प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है. यही कारण है कि कठिन और चुनौतीपूर्ण मानी जाने वाली यह यात्रा अब अधिक व्यवस्थित और सुगम होती जा रही है.

पढे़ं- केदारनाथ यात्रा के बड़े फैसले, ड्रोन उड़ाने पर बैन, 10 मिनट में शिकायत समाधान

पढे़ं- खुल गए आस्था-भक्ति और मोक्ष से जुड़े चारधाम के कपाट, देखिए मंत्रमुग्ध कर देने वाली तस्वीरें