इस दिन होगा साल का अंतिम चंद्रग्रहण, इन राशि जातकों को बरतनी होगी सावधानी
इस साल का अंतिम चंद्रग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा, 6 राशि जातकों को ग्रहण काल के दौरान रखना होगा खास ख्याल.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 21, 2026 at 8:11 PM IST
कुल्लू: सनातन धर्म में सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण का विशेष महत्व है. अगस्त महीने की 28 तारीख को इस साल का अंतिम चंद्र ग्रहण भी लगेगा. हालांकि यह चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा, इसलिए ग्रहण कल के दौरान सूतक काल भी भारत में मान्य नहीं होगा. रक्षाबंधन के दिन यह ग्रहण लगेगा. ऐसे में भारत में लोग रोजमर्रा के पूजा पाठ व अन्य कार्यों को पूरा कर सकेंगे और इस ग्रहण से उन्हें घबराने की कोई जरूरत नहीं है. आचार्य दीप कुमार ने बताया कि यह ग्रहण साल का अंतिम चंद्र ग्रहण होगा और यह 28 अगस्त को सुबह के समय लगेगा.
कब लगेगा चंद्रग्रहण ?
आचार्य दीप कुमार ने बताया कि 28 अगस्त को चंद्र ग्रहण भारतीय सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट से शुरू होकर दोपहर 12 बजकर 32 मिनट तक रहेगा. ग्रहण का मुख्य आंशिक चरण सुबह 8 बजकर 4 मिनट से 11 बजकर 22 मिनट तक रहेगा, जबकि इसका चरम सुबह 9 बजकर 43 मिनट पर होगा. भारत में ग्रहण दिखाई नहीं देगा, क्योंकि उस समय चंद्रमा क्षितिज के नीचे रहेगा, जिस कारण भारत में सूतक काल लागू नहीं होगा.
"ज्योतिषीय गणना में यह ग्रहण कुंभ राशि और शतभिषा नक्षत्र से जुड़ा माना जा रहा है. ग्रहण के दौरान चंद्रमा और राहु का संबंध बनने की वजह से मन, भावनाओं, निर्णय क्षमता और मानसिक स्थिति से जुड़े विषयों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ऐसे में कुछ राशि के जातकों को ग्रहण काल में विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए." - आचार्य दीप कुमार
मेष राशि
आचार्य दीप कुमार ने बताया कि मेष राशि के जातकों को इस दौरान मानसिक तनाव और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है और छोटी-छोटी बातों को लेकर उनकी चिंता बढ़ सकती है. काम में अचानक रुकावट आने से आत्मविश्वास प्रभावित हो सकता है और प्रेम संबंधों और संतान से जुड़े मामलों में भी धैर्य रखना बेहतर रहेगा. ऐसे में इस राशि के जातक जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला न लें.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए आर्थिक मामलों में सावधानी जरूरी रहेगी. आय के मुकाबले खर्च बढ़ने की स्थिति बन सकती है और अचानक सामने आए खर्च बजट बिगाड़ सकते हैं. इस राशि के जातक स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें.
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों को धन और रिश्तों के मामले में सतर्क रहना चाहिए. दांपत्य जीवन में छोटी बातों को लेकर तनाव बढ़ सकता है और जीवनसाथी के स्वास्थ्य और अपनी दिनचर्या पर ध्यान दें. इस अवधि में बिना पूरी जानकारी के निवेश करना नुकसानदेह हो सकता है और किसी को बड़ी रकम उधार देने से भी बचें.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों को ग्रहण की अवधि में नए काम की शुरुआत को लेकर सावधानी बरतने होगी. अपने कार्यस्थल पर परिस्थितियां अपेक्षा के अनुसार न रहने से तनाव हो सकता है. किसी करीबी व्यक्ति से मतभेद की स्थिति भी बन सकती है और अचानक फैसला लेने के बजाय परिस्थितियों को समझ कर आगे बढ़ें.
धनु राशि
धनु राशि के लोगों के लिए आर्थिक और सामाजिक मोर्चे पर उतार-चढ़ाव रह सकता है. व्यापार करने वालों को किसी भी सौदे में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. आपकी किसी बात का गलत अर्थ निकाला जा सकता है. इसलिए सार्वजनिक या पेशेवर बातचीत में संयम रखें. प्रेम संबंधों में भी गलतफहमी पैदा हो सकती है और यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त सावधानी रखें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि पर इस ग्रहण का प्रभाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ज्योतिषीय गणना के अनुसार ग्रहण इसी राशि से जुड़ा है. इस दौरान वैवाहिक जीवन, संतान और आर्थिक मामलों में तनाव की स्थिति बन सकती है. कार्यक्षेत्र में मेहनत के बावजूद अपेक्षित परिणाम न मिलने से निराशा हो सकती है. अनजान व्यक्ति के साथ पैसों का लेन-देन करने से बचें.

