Holi 2026: होलिका दहन के बाद नहीं मनाया जाएगा रंगों का त्योहार, जानें कब खेलेंगे होली
इस बार होली मनाने को लेकर तमाम बातें चल रही हैं. 2 मार्च को होलिका दहन होगा, लेकिन अगले दिन चंद्रगहण भी लग रहा है.

Published : February 20, 2026 at 2:04 PM IST
हैदराबाद: हिंदू शास्त्र में फाल्गुन अंतिम मास माना जाता है. इसके बाद चैत्र महीने से नए वर्ष की शुरुआत होती है. इस फाल्गुन मास में होली का त्योहार मनाया जाता है. वहीं, होली के त्योहार से 8 दिन पहले होलाष्टक लग जाता है. इस दौरान कोई भी शुभ कार्य करने की मनाही होती है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ज्योतिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र ने बताया कि इस साल होली का त्योहार मार्च की शुरुआत में ही पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि इस बार होली बुधवार 4 मार्च को मनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा सोमवार 2 मार्च को शाम करीब 5 बजकर 33 मिनट पर शुरू होगी और इसका समापन अगले दिन मंगलवार 3 मार्च 2026 को शाम 4 बजकर 46 मिनट पर होगा.
जानिए कब होगा होलिका दहन
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि होलिका दहन मंगलवार 3 मार्च 2026 को होगा. उन्होंने कहा कि 2 मार्च को होलिका दहन करना उचित नहीं होगा क्योंकि इस दिन भद्रा भी लग रही है और भद्रा काल में होलिका दहन नहीं किया जाता. डॉ उमाशंकर मिश्र के मुताबिक होलिका दहन भद्रा के पूंछ काल में करना शुभ माना जाता है. इसी वजह से 3 मार्च को होलिका दहन करना सही होगा. समय की बात करें तो 3 मार्च की शाम 6 बजकर 23 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 51 मिनट के अंदर ही शुभ समय है. इस दौरान होलिका दहन का समय उचित है.
अब जानते हैं कब खेली जाएगी होली
डॉ. उमाशंकर मिश्र ने बताया कि 3 मार्च को चंद्रग्रहण लग रहा है. यह ग्रहण 3 बजकर 20 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 48 मिनट तक लगेगा. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक ग्रहण से करीब 9 घंटे पहले सूतक काल प्रारम्भ हो जाता है. यानि कि सुबह 9 बजकर 40 मिनट से सूतक लगेगा. बता दें, सूतक काल में भूलकर भी किसी भी प्रकार का शुभ कार्य करना मना होता है. इसके चलते 3 मार्च को होली नहीं खेली जाएगी.
बुधवार 4 मार्च को मनाया जाएगा रंगो का पर्व
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक चंद्रग्रहण और सूतक की वजह से 4 मार्च को रंगों का त्योहार मनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि पूर्वा फाल्गुनी और उत्तर फाल्गुनी नक्षत्र का शुभ संयोग भी बन रहा है.
पढ़ें: होली पर चंद्र ग्रहण का साया, 9 घंटे पहले शुरू होगा सूतक काल, जानें आपकी राशि पर क्या होगा असर
साल 2026 में लगेंगे 4 बड़े ग्रहण, क्या होगा आपकी राशि पर असर, जानें भारत में कब दिखेगा...
तिरुमला मंदिर: 3 मार्च की तारीख नोट कर लें श्रद्धालु, इस बड़े कारण से बंद रहेंगे मंदिर के कपाट

