ETV Bharat / international

ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी, कहा- इतनी ताकत से हमला होगा जो पहले कभी नहीं देखा गया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को हमले तेज न करने की चेतावनी दी है.

US PRESIDENT DONALD TRUMP
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (AP)
author img

By PTI

Published : March 1, 2026 at 1:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

दुबई : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को हमले तेज न करने की चेतावनी देते हुए रविवार को ऑनलाइन माध्यम से कहा कि अमेरिका ‘‘ऐसी ताकत के साथ जवाब देगा जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा.’’

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ के जरिए रविवार को ये टिप्पणियां ऐसे समय में की जब ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बाद उन्हें धमकियां मिली हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्रुथ पर किया पोस्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्रुथ पर किया पोस्ट (Screenshot of US President Trump post on Truth)

ट्रंप ने लिखा, ‘‘ईरान ने अभी-अभी कहा है कि वे आज बहुत ज़ोरदार हमला करेंगे, जितना उन्होंने पहले कभी नहीं किया.’’ उन्होंने पोस्ट किया, ‘‘लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि अगर उन्होंने ऐसा किया, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा.’’

बता दें कि ईरान ने मिडिल ईस्ट में हमले तेज कर दिए हैं. वहीं ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत ने देश के भविष्य को लेकर बेहद अहम सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, मौलवियों की एक समिति को उनके स्थान पर नए नेता के चुनाव का दायित्व सौंपा गया है. ईरान के संविधान के मुताबिक 88 सदस्यीय समिति असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स (विशेषज्ञों की सभा) नए सर्वोच्च नेता का चयन करेगी. इस निकाय में केवल शिया धर्मगुरु शामिल होते हैं, जिन्हें हर आठ वर्ष में जनमत के आधार पर चुना जाता है.

हम खामेनई के रास्ते को और मजबूत करेंगे
खामेनई की मौत पर ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि खामेनेई पक्के और वफादार थे. ईरान उनके रास्ते को मजबूती और पक्के इरादे के साथ जारी रखेंगे. हम अमेरिका और इजराइली दुश्मन को बताते हैं कि आपने हमारी रेड लाइन पार की है और आपको इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. हमारी सेनाओं ने सभी इजराइली दुश्मन सेंटर्स और अमेरिकी बेस पर हमला किया है और हमारा हमला जारी रहेगा. ईरान ने इस पल के लिए तैयारी कर ली है और हम कमांडर की शहादत के बाद भी रास्ते पर चलते रहेंगे.

ये भी पढ़ें- ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत, जानिए कैसे बने थे सर्वोच्च धार्मिक नेता