ETV Bharat / international

Iran War Updates: सऊदी अरब के रियाद में धमाके, ईरान का दुबई में अमेरिकी सेना पर हमला

मिडिल-ईस्ट में संघर्ष का दायरा बढ़ता जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब की राजधानी रियाद में धमाके हुए हैं.

US ISRAEL IRAN WAR UPDATE american embassy in Riyadh attacked by two drones Saudi Arabia
1 मार्च, 2026 को दुबई में ईरानी हमलों के बाद धुएं का गुबार उठता हुआ (AP)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : March 3, 2026 at 7:31 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रियाद: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध चौथे दिन में प्रवेश कर गया है. अमेरिकी सेना राजधानी तेहरान और अन्य शहरों में लगातार बमबारी कर रही है. ईरान की तरफ से भी जवाबी हमले जारी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब के रियाद में अमेरिकी दूतावास पर मंगलवार (3 मार्च) को ड्रोन हमला हुआ. हमले के बाद दूतावास परिसर में आग लग गई और धमाके की आवाज भी सुनी गई. फिलहाल हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

अमेरिकी दूतावास पर हमले के बाद रियाद में दो और धमाके होने की खबर है. रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर में दो नए धमाकों की रिपोर्ट दी है.

मीडिया रिपोर्ट में अमेरिकी विदेश विभाग के हवाले से बताया कि दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया गया जो छत और परिसर के घेरे से टकराए. शक जताया जा रहा है कि ये ईरानी ड्रोन थे. अभी तक किसी भी ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

डेली मेल के मुताबिक, सऊदी के रक्षा मंत्रालय ने भी हमले की पुष्टि की है और इसे "सीमित आग" बताया है, जिससे "मामूली नुकसान" हुआ है.

इस बीच, खबर है कि US अधिकारियों ने सऊदी अरब के कई शहरों में अमेरिकियों से कहा है कि वे अपनी जगह पर रहें और रियाद में देश के दूतावास में जाने से बचें, क्योंकि उस जगह पर दो ड्रोन से हमला हुआ.

अमेरिकी दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "सऊदी अरब में US मिशन ने जेद्दा, रियाद और जहरान के लिए शेल्टर इन प्लेस नोटिफिकेशन जारी किया है और इस इलाके में किसी भी मिलिट्री जगह पर गैर-जरूरी यात्रा को कम कर रहे हैं – हम सऊदी किंगडम में अमेरिकी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे तुरंत अपनी जगह पर रहें और दूतवास में हमले के कारण अगली सूचना तक जाने से बचें."

अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो ने अमेरिकी नागरिकों से अपील की है कि पश्चिम एशिया के देशों से उपलब्ध कमर्शियल ट्रांसपोर्टेशन का इस्तेमाल करके निकल जाएं, क्योंकि सुरक्षा को गंभीर खतरा है.

अमेरिकी सेना ने माना है कि ईरान के खिलाफ ऑपरेशन में अब तक उसके 6 सैनिक मारे गए हैं. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई लगभग चार हफ्ते तक चल सकती है. उन्होंने वादा किया कि वॉशिंगटन तेहरान की मिसाइल और परमाणु क्षमताओं को खत्म करने के लिए जो भी करना होगा, करेगा.

ईरान ने दुबई में अमेरिकी सेना पर हमले का दावा किया
उधर, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का कहना है कि उसकी नेवी ने यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के दुबई में अमेरिकी सेना को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइलों से एक बड़ा हमला किया. IRGC ने कुवैत में आरिफजान बेस पर ड्रोन हमले का भी दावा किया है.

तेहरान में लगातार धमाके
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल के ताबड़तोड़ हमलों से तेहरान में आधी रात से लगातार धमाकों की आवाजें सुनी गईं. बमबारी से पूरा शहर दहल उठा. IRIB स्टेट टेलीविजन कॉम्प्लेक्स पर भी बमबारी की गई. हालांकि, टेलीविजन ब्रॉडकास्ट अभी भी चल रहा है. अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की एक्सपीडिएंसी काउंसिल की एक बिल्डिंग को निशाना बनाया गया है.

यह भी पढ़ें- US-Israel Iran War: सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास पर हमला, तेहरान में ताबड़तोड़ बमबारी