ETV Bharat / international

रूस और यूक्रेन ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हुए हैं : ट्रंप

युद्ध के दौरान रूस और यूक्रेन ने बार-बार एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले किए हैं.

US President Donald Trump
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (AP)
author img

By AP (Associated Press)

Published : October 11, 2026 at 9:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि रूस और यूक्रेन ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं. हालांकि, उन्होंने इसकी शर्तों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी. दोनों में से किसी भी पक्ष ने तत्काल इस तरह के समझौते पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

ट्रंप की यह घोषणा तब सामने आई है, जब एक दिन पहले ही उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर रूस में डीजल रिफाइनरी पर हमला करने और वैश्विक स्तर पर ईंधन की कमी के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया था. युद्ध के दौरान रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को बार-बार निशाना बनाते रहे हैं.

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपनी संक्षिप्त पोस्ट में केवल इतना कहा कि हमले रोकने का समझौता तत्काल प्रभाव से लागू होगा और दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गए हैं. व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति की पोस्ट पर तत्काल कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया और न ही इस बारे में अतिरिक्त जानकारी साझा की.

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि यूक्रेन को एक नया राष्ट्रपति चुनने का समय आ गया है क्योंकि वर्तमान राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के साथ अपने देश के युद्ध को समाप्त करने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए हैं. इसके साथ ही ट्रंप ने अमेरिका में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए भी जेलेंस्की को दोषी ठहराया.

ट्रंप ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूस से डीज़ल खरीदने का समझौता किया था ताकि अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले ईंधन की ऊंची कीमतों पर काबू पाया जा सके. उन्होंने अपने देश में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए ईरान में अमेरिकी नेतृत्व वाले युद्ध के बदले यूक्रेन को दोषी ठहराने की कोशिश की.

ट्रंप ने कहा, "वह दुनिया के लिए मुश्किलें खड़ी करना चाहते हैं. वह डीजल ईंधन के ज़रिए हमारे किसानों और पशुपालकों के लिए परेशानी पैदा करना चाहते हैं." ट्रंप ने शनिवार को व्हाइट हाउस में कहा, ‘‘मेरा सुझाव है कि वे (यूक्रेन के लोग) एक ऐसा नया नेता चुनें जो कोई समझौता कर सके. कुछ कारणों से वह (जेलेंस्की) ऐसा कभी नहीं करते.’’

ट्रंप ने यह दावा भी किया कि यदि वह 2022 में अमेरिका के राष्ट्रपति होते, तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता. उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन और रूस के बीच यह युद्ध शुरू होने का कोई कारण नहीं था.यह अक्षमता के कारण शुरू हुआ.’’

जेलेंस्की पर निशाना साधते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने (जेलेंस्की ने) अपने देश का 30 प्रतिशत हिस्सा गंवा दिया है और दोनों पक्षों को मिलाकर 10 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं तथा लाखों लोग मारे गए हैं. ट्रंप ने कहा, ‘‘यह एक ऐसा युद्ध है जो कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था. और मुझे लगता है कि अब समय आ गया है जब यूक्रेन को एक नया राष्ट्रपति चुनना चाहिए.’’

ये भी पढ़ें- अमेरिकी मध्यावधि चुनाव : भारत से तनाव के बीच क्या करेंगे भारतीय अमेरिकी