लेबनान में इजराइल के हमलों में 31 लोगों की मौत, बेरूत में कई बिल्डिंग तबाह
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल के फाइटर जेट ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों और दक्षिणी लेबनान को निशाना बनाया.

Published : March 2, 2026 at 1:30 PM IST
तेल अवीव/बेरूत: ईरान पर बमबारी के बीच इजराइली सेना ने सोमवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए. इन हमलों में 31 लोग मारे गए हैं. लेबनानी अधिकारियों ने कहा कि देश पर इजराइली हवाई हमलों में अब तक कम से कम 31 लोग मारे गए हैं और 149 अन्य घायल हुए हैं.
इससे पहले हिज्बुल्लाह ने इजराइल पर रॉकेट दागने का दावा किया था. हालांकि, इजराइल की वायु रक्षा प्रणाली में उसे हवा में तबाह कर लिया था. इसके बाद इजराइल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ आक्रामक अभियान की घोषणा की.
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल के फाइटर जेट ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों और दक्षिणी लेबनान को निशाना बनाया. राजधानी के उपनगरों में 20 लोग मारे गए और 91 घायल हुए. देश के दक्षिण में 11 मारे गए और 58 घायल हुए.

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के लोगों इलाके से बाहर जाने को कहा है, इस चेतावनी के बाद लाखों लोग अपने घर छोड़कर भाग गए.
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, ये इलाके हिज्बुल्लाह के मजबूत गढ़ माने जाते हैं. इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि ये हमले हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए, ताकि ईरान समर्थित सशस्त्र समूह द्वारा उत्तरी इजराइल की ओर दागे गए रॉकेट हमले का बदला लिया जा सके.

इजराइली एयर फोर्स (IAF) ने एक्स पोस्ट में कहा कि उसने बेरूत इलाके में हिज्बुल्लाह के वरिष्ठ सदस्यों पर लक्षित हमले किए, यह इजराइल की ओर, खासकर देश के उत्तरी हिस्से की ओर दागे गए रॉकेट के जवाब में किया गया.
इजराइली सेना के मुताबिक, कई रॉकेट लेबनान से इजराइली इलाके में आए, जिनमें से कुछ खुले इलाकों में गिरे. IAF ने कहा कि वह पूरे लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर भीषण हमले कर रही है.
आईडीएफ के अनुसार, इजराइली सेना के प्रमुख इयाल जमीर ने हिज्बुल्लाह के इजराइल पर रॉकेट दागने के बाद एक मीटिंग में यह घोषणा की. उनके हवाले से कहा गया, "हमने हिज्बुलल्लाह के खिलाफ एक आक्रामक अभियान शुरू किया है."
बगदाद में अमेरिका-इजराइल का हमला
कतारी मीडिया नेटवर्क अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल ने इराक की राजधानी बगदाद के दक्षिण में जुर्फ अल-सखर में ईरान समर्थित पैरामिलिट्री ग्रुप कताइब हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया. मिसाइल हमले में गाड़ियों, जगहों और वेयरहाउस में आग लगने सहित काफी नुकसान की खबर है. अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में ईरान के समर्थन में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा, फायरिंग में 22 की मौत

