नेपाल बाढ़ LIVE: मृतकों की संख्या बढ़कर 903 हुई, चीन ने 22 लाख डॉलर की सहायता दी

Published : August 31, 2026 at 10:25 AM IST
|Updated : August 31, 2026 at 1:53 PM IST
नेपाल में आए खतरनाक अचानक बाढ़ (flash floods) के बाद अब तक लगभग 903 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और करीब 4,247 लोग अभी भी लापता हैं. बचाव कर्मियों ने आपदा के बाद लापता लोगों की तलाश और फंसे हुए लोगों को बचाने के काम में तेजी लाते हुए प्रभावित आठ जिलों से शव बरामद किए. 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के पास ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ और चट्टानों के खिसकने (avalanche) से पानी, कीचड़ और मलबे का सैलाब नीचे की ओर बह निकला. इसने उत्तरी और मध्य नेपाल में कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जरूरी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और पनबिजली स्टेशनों को बहा ले गया. नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 9435 लोगों को बचाया जा चुका है. चीनी मीडिया की खबरों के अनुसार इस आपदा में चीन की तरफ भी 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में करीब 550 लोग लापता हैं. हिमालयी सीमावर्ती क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ का पानी नीचे की ओर ले गई, जिससे 26 अगस्त को भारी तबाही मची. इस बीच नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि नेपाल में 275 से ज़्यादा भारतीय और भारतीय मूल के 128 लोग लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.
LIVE FEED
चीन ने नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए 22 लाख डॉलर की मदद दी
चीन ने नेपाल में आई भयानक बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए 22 लाख डॉलर की आर्थिक मदद दी. सोमवार को चीनी सरकार का हवाला देते हुए पीटीआई ने बताया कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग ने जान-माल के नुकसान पर दुख जताया. वित्त मंत्रालय ने बताया कि नेपाल में चीन के राजदूत झांग माओमिंग ने रविवार को वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले को चीनी सरकार की ओर से मदद के तौर पर 35 करोड़ नेपाली रुपये (NPR) का चेक सौंपा, जो 20 लाख डॉलर के बराबर है. मंत्रालय ने यह भी बताया कि चीनी राजदूत ने चीनी रेड क्रॉस की ओर से 2 लाख डॉलर की मदद भी नेपाल सरकार को सौंपी.
तमिलनाडु के 49 तीर्थयात्री चीन की तरफ लापता हैं
चेन्नई के टूर ऑपरेटर के मुताबिक, अचानक आई बाढ़ के बाद तमिलनाडु के 49 तीर्थयात्री चीन की तरफ लापता हैं. यात्रा का आयोजन करने वाली ट्रैवल फर्म के मालिक ने बताया कि कैलाश यात्रा पूरी करने के बाद तमिलनाडु के 49 तीर्थयात्री अभी चीन की तरफ लापता हैं. लापता तीर्थयात्रियों को लेकर चिंता जताते हुए फर्म के मालिक मारवेल नागप्पन ने पीटीआई को बताया कि तमिलनाडु के 40 से ज़्यादा यात्रियों ने कैलाश यात्रा पूरी कर ली थी और वे चीन की तरफ से नेपाल में दाखिल होने का इंतज़ार कर रहे थे, तभी 26 अगस्त, 2026 को यह आपदा आ गई. ट्रैवल फर्म के मालिक ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह दखल दे और चीनी अधिकारियों से लापता यात्रियों के बारे में जानकारी हासिल करे.
मृतकों की संख्या बढ़कर 903 हुई
आपदा प्राधिकरण के अनुसार नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 903 हो गई है और लापता लोगों की संख्या बढ़कर 4,247 हो गई है.
NDRRMA ने बचाए गए विदेशियों की लिस्ट जारी की
नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने रविवार को बचाए गए विदेशियों की लिस्ट जारी की. लिस्ट में 7 भारतीय शामिल हैं. भयानक अचानक आई बाढ़ के बाद रविवार को बचाए गए 22 विदेशियों में कम से कम सात भारतीय शामिल थे.
हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के 933 से कर्मचारी सुरंगों में फँसे
ताजा रिपोर्ट के अनुसार हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के 933 से ज़्यादा कर्मचारी सुरंगों में फँसे हुए हैं और खोज व बचाव अभियान का आज छठा दिन है.
दलाई लामा ने तिब्बत-नेपाल इलाके में बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रार्थना की
तिब्बती आध्यात्मिक गुरु, 14वें दलाई लामा ने रविवार को तिब्बत और नेपाल में आई भयानक अचानक बाढ़ (flash floods) के पीड़ितों के लिए विशेष प्रार्थना की. यह प्रार्थना लद्दाख के लेह में शेवात्सेल टीचिंग ग्राउंड में आयोजित एक 'लंबी उम्र की प्रार्थना सभा' के दौरान की गई. इस मौके पर दलाई लामा ने इस त्रासदी पर गहरी चिंता जताई और अपनी जान गंवाने वालों, लापता लोगों और आपदा से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की. दलाई लामा की मौजूदगी में लोगों ने पीड़ितों की याद में और प्रभावित परिवारों व समुदायों की भलाई के लिए 'अवलोकितेश्वर मंत्र' का जाप किया, जिसे 'छह-अक्षरों वाला मंत्र' भी कहा जाता है.
भारत की खास टनल रेस्क्यू टीम बाढ़ राहत कार्यों में नेपाली सेना के साथ शामिल हुई
भारत की एक खास टीम ने रविवार को नेपाली सेना की टीम के साथ मिलकर चिलिमे और लांगटांग इलाके में हाइड्रोपावर टनल साइट्स पर खोज और बचाव अभियान चलाया. नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि यह टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान जारी रखेगी.
नेपाल ने फिर से बाढ़ की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की
नेपाल में अधिकारियों ने रविवार को संभावित ताजा बाढ़ की चेतावनी दी और भोटेकोशी नदी में जल स्तर बढ़ने के बाद बाढ़ प्रभावित जिलों के निवासियों से हाई अलर्ट पर रहने का आग्रह किया. रविवार तड़के लोगों के फोन पर बाढ़ की चेतावनी के नोटिस भेजे गए क्योंकि बचाव दल बुधवार की विनाशकारी बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक काठमांडू को जोड़ने वाले एक प्रमुख राजमार्ग को साफ करने के लिए काम कर रहे थे. नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी धरम राज उप्रेती के अनुसार, नवीनतम चेतावनियाँ चीनी अधिकारियों द्वारा अपने नेपाली समकक्षों को नदी के ऊपर जल प्रवाह में वृद्धि के बारे में सूचित करने के बाद आई. चीनी राज्य समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने देश के जल संसाधन मंत्रालय का हवाला देते हुए कहा कि बुधवार की बाढ़ के बाद पहाड़ों में बनी एक नई झील काफी हद तक सूख गई है। लेकिन शिन्हुआ ने कहा कि मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि 5.6 किलोमीटर (3.5 मील) ऊपर की ओर स्थित एक गड्ढा, जिसमें अनुमानित 1.4 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी है, अभी भी कुछ जोखिम पैदा करता है और करीबी निगरानी की आवश्यकता है.
भारतीय फोरेंसिक टीम ने पीड़ितों की DNA पहचान का काम शुरू किया
भारत की 19 सदस्यों वाली एक खास फोरेंसिक टीम ने रविवार को काठमांडू में अपना काम शुरू किया. यह टीम विनाशकारी अचानक आई बाढ़ के पीड़ितों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल की जांच में नेपाली अधिकारियों की मदद करेगी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, नेपाल में भारत के राजदूत ने फोरेंसिक टीम से मुलाकात की और उन्हें जानकारी दी. इसके बाद टीम ने नेपाल पुलिस की सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल के फोरेंसिक विभाग के अपने समकक्षों के साथ तकनीकी बातचीत की. इसी दौरान भारत की खास टनल रेस्क्यू टीम ने चिलिमे और लांगटांग में क्षतिग्रस्त हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट साइटों पर नेपाली सेना के साथ मिलकर संयुक्त अभियान जारी रखा. खराब मौसम के बावजूद, विदेश मंत्रालय ने बताया कि टनल टीम लांगटांग हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के पास एक ढांचे में घुसने में कामयाब रही और एक व्यक्ति के शव को बाहर निकाला. इलाके में खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है. विदेश मंत्रालय ने यह भी पुष्टि की कि चीनी पक्ष के स्थानीय सरकारी सूत्रों के अनुसार, आज 403 भारतीय नागरिक चीन से नेपाल सीमा पार करके सुरक्षित आ गए हैं. 500 और भारतीय नागरिक अभी भी चीनी पक्ष में हैं और उनके सुरक्षित होने की पुष्टि हो गई है.

