ETV Bharat / international

ईरान से टकराव के बीच कई अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश, कुवैत ने गलती से 3 लड़ाकू विमान मार गिराए

इससे पहले, ईरान ने सोमवार को दावा किया कि कुवैत में एक अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

Kuwait confirms several US military aircraft crashed, all crew safe
अमेरिका के कई घातक लड़ाकू विमान क्रैश, कुवैत ने की पुष्टि (IANS)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : March 2, 2026 at 4:20 PM IST

|

Updated : March 2, 2026 at 5:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुवैत सिटी: कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि, देश में कई मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हुए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि, सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं. इससे पहले, ईरान ने सोमवार को दावा किया कि कुवैत में एक अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

समाचार एजेंसी आईएनएस के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय की ओर से बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई है. मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह कई अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हुए, लेकिन क्रू पूरी तरह सुरक्षित है. वहीं, समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी मिलिट्री का कहना है कि कुवैत ने लड़ाई के दौरान गलती से 3 अमेरिकन F-15E स्ट्राइक ईगल्स एयरक्राफ्ट मार गिराए.

उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. क्रू को बाहर निकाला गया और जरूरी इलाज के लिए अस्पताल में भेज दिया गया है. सबकी हालत स्थिर बनी हुई है. आधिकारिक प्रवक्ता ने आगे कहा कि अमेरिकी सेनाओं के साथ मिलजुलकर तकनीकी उपाय किए गए थे. उन्होंने पुष्टि की कि संबंधित अधिकारी घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं.

अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बीच, साइबर सिक्योरिटी वॉचडॉग नेटब्लॉक्स ने दावा किया है कि ईरान में इंटरनेट ब्लैकआउट अब 48 घंटे से ज्यादा समय से जारी है.

इससे पहले, ईरान ने सोमवार को दावा किया कि कुवैत में एक अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक विमान को गिरते हुए और हवा में ही पायलट को इजेक्ट करते देखा जा सकता है.

वीडियो में आसमान से एक पैराशूट नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा है. कुछ अन्य वीडियो जो स्थानीय मीडिया ने दिखाए हैं, उनमें विमान से बाहर निकलने के बाद पायलट जमीन पर दिखाई दे रहा है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि विमान उस समय चल रहे सैन्य संघर्ष से जुड़ी किसी कार्रवाई में शामिल था या नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था. ईरान की तस्त्रीम न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी थी.

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब मध्य पूर्व में तनाव तेजी से बढ़ रहा है. यह संघर्ष अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुआ. कहा गया कि इसका उद्देश्य ईरान की मिसाइल क्षमता और सैन्य ढांचे को कमजोर करना है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रविवार को फॉक्स न्यूज को दिया एक साक्षात्कार प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि एक झटके में ईरान के 48 शीर्ष नेताओं की मौत हो गई, जिनमें सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई भी शामिल थे.

ये भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान के खिलाफ हमलों में B-2 बॉम्बर के साथ जानें कौन से हथियार का किया इस्तेमाल

Last Updated : March 2, 2026 at 5:21 PM IST