ETV Bharat / international

खामेनेई के बेटे मोजतबा को चुना गया उनका उत्तराधिकारी, इजराइली मीडिया का दावा

इजराइली मीडिया ने दावा किया कि मोजतबा खामेनेई को अपने पिता का उत्तराधिकारी चुना गया है, जिकसी आधिकारिक घोषणा जल्द हो सकती है.

Ayatollah Khamenei's son Mojtaba chosen as his successor, formal announcement soon
मोजतबा हुसैनी खामेनेई (File/ ANI)
author img

By ANI

Published : March 4, 2026 at 9:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

तेहरान: आयतुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मोजतबा हुसैनी खामेनेई ईरान के सुप्रीम लीडर बन सकते हैं. इजराइली मीडिया ने दावा किया है कि मोजतबा को उनके पिता का उत्तराधिकारी चुना गया है. हालांकि, इस घटनाक्रम पर ईरान के आधिकारिक सरकारी मीडिया से कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, वरिष्ठ इजराइली अधिकारियों ने Ynet न्यूज को बताया कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स बहुत जल्द मोजतबा खामेनेई को उत्तराधिकारी के तौर पर आधिकारिक घोषणा कर सकती है.

इससे पहले, न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) ने रिपोर्ट किया था कि 56 साल के मोजतबा ईरान के सुप्रीम लीडर पद की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. मोजतबा खामेनेई, अली खामेनेई के दूसरे सबसे बड़े बेटे हैं.

न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि ईरान में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने मोजतबा को नया हेड ऑफ स्टेट चुना था, ऐसा कहा जा रहा है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के बहुत अधिक दबाव में ऐसा किया गया.

रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा का अपने दिवंगत पिता के ऑफिस को चलाने में बड़ा हाथ था और IRGC और कुद्स फोर्स के शीर्ष अधिकारियों के साथ उनके करीबी रिश्ते हैं.

इजराइली मीडिया ने बताया कि मोजतबा का रुख अपने पिता से अधिक सख्त है और ईरान में प्रदर्शनकारियों पर हिंसक कार्रवाई के पीछे भी वही हैं.

नवंबर 2019 में, अमेरिकी वित्त विभाग ने मोजतबा के खिलाफ प्रतिबंध लगाए थे. उन्हें उस समय के सुप्रीम लीडर का आधिकारिक तौर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिबंधित किया गया था, जबकि वे कभी चुने या किसी सरकारी पद पर नियुक्त नहीं हुए थे.

अमेरिकी वित्त विभाग ने आगे कहा कि उस समय के सुप्रीम लीडर ने अपनी लीडरशिप की कुछ जिम्मेदारियां मोजतबा खामेनेई को दे दी थीं, जिन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स-कुद्स फोर्स (IRGC-QF) के कमांडर और बासिज रेजिस्टेंस फोर्स (बासिज) के साथ मिलकर अपने पिता को अस्थिर करने वाली क्षेत्रीय ताकतों को दबाने का काम किया. यह भी बताया गया था कि मोजतबा खामेनेई के पास लंदन में लग्जरी प्रॉपर्टीज और ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और लिचेंस्टीन (Liechtenstein) में बैंक खाते हैं.

इस बीच, यूएस सेंट्रल कमांड के चीफ एडमिरल ब्रैड कूपर ने ईरान को चेतावनी दी है कि अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन को रोका नहीं जाएगा, जब तक उनके मकसद पूरे नहीं हो जाते हैं. उन्होंने कहा, "हमारे मिलिट्री लक्ष्य एकदम साफ हैं, और हम एक बहुत मुश्किल और ऐतिहासिक मिशन को पूरी ताकत, पक्के इरादे और जिम्मेदारी के साथ पूरा कर रहे हैं. हमने अभी तो शुरुआत की है. लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि हम, अपने सहयोगियों के साथ, अपने सैन्य लक्ष्यों को जरूर हासिल करेंगे."

अमेरिका और इजराइन ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले किए थे. तेहरान में की गई भीषण बमबारी में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई और कई शीर्ष सैन्य नेता मारे गए थे.

यह भी पढ़ें- US-Israel Iran War: खामेनेई के बेटे मोजतबा बने ईरान के अगले सुप्रीम लीडर, दुबई में अमेरिकी दूतावास के पास ड्रोन से हमले