ETV Bharat / international

Afghanistan-Pakistan War: पाकिस्तानी सेना ने काबुल और अन्य शहरों में किए हमले, 130 तालिबान लड़ाकों को मारने का दावा

पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने सीमा पर हमलों के जवाब में 130 से अधिक अफगान लड़ाकों को मार गिराया है.

Afghanistan-Pakistan armed clash Pak Army targeted Afghan cities of Kabul, Kandahar and Paktika
22 फरवरी, 2026 को अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में पाकिस्तान के हमले के बाद का दृश्य (AP)
author img

By PTI

Published : February 27, 2026 at 9:56 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर दोनों पड़ोसी देशों के सैनिकों के बीच भीषण संघर्ष हुआ. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के सैनिकों को मारने का दावा किया है. पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसकी सेना ने अफगान तालिबान के सीमा पर कथित हमलों के जवाब में उसकी सेना ने कार्रवाई शुरू की है, जिसमें 130 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं.

पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार रात ऑपरेशन गजब लिल हक शुरू किया, जब कथित तौर पर अफगान तालिबान ने सीमा पर कई सैन्य चौकियों पर हमले किए. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ऑपरेशन शुरू होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सेना अभी अफगान तालिबान के हमले का कड़ा जवाब दे रही है.

ऑपरेशन पर अपडेट देते हुए, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने कहा कि कम से कम 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए. उन्होंने कहा, "काबुल, पक्तिया और कंधार में अफगान तालिबान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिससे और लोगों के मारे जाने की संभावना है." उन्होंने यह भी कहा कि अफगान बलों की कम से कम 27 चौकियां तबाह कर दी गईं और नौ अन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है.

मंत्री ने आगे बताया कि पाकिस्तान के हमलों में दो कोर हेडक्वार्टर, तीन ब्रिगेड हेडक्वार्टर, दो एम्युनिशन डिपो, एक लॉजिस्टिक्स बेस, तीन बटालियन हेडक्वार्टर, दो सेक्टर हेडक्वार्टर, और 80 से अधिक टैंक, आर्टिलरी गन और आर्मर्ड पर्सनल व्हीकल नष्ट हो गए हैं.

सरकारी चैनल PTV न्यूज ने बताया कि पाकिस्तान एयर फोर्स ने काबुल, कंधार और पक्तिया में अफगान तालिबान के प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. हमलों में काबुल में दो ब्रिगेड हेडक्वार्टर, साथ ही कंधार में एक कोर हेडक्वार्टर और एक ब्रिगेड हेडक्वार्टर तबाह हो गए.

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एक बयान में आम लोगों को निशाना बनाने के लिए अफगान तालिबान की निंदा की. गृह मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में उनके हवाले से कहा कि पाकिस्तान की सेना ने अफगान तालिबान के खुले हमले का करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा, "कायर दुश्मन ने रात के अंधेरे में हमला किया. अफगान तालिबान ने बेगुनाह आम लोगों को निशाना बनाने की घिनौनी कोशिश की."

नकवी ने कहा, "देश सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है. अफगान तालिबान ने हमला करके बहुत बड़ी गलती की है. उन्हें इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे. हम अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं होने देंगे."

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान शांति और क्षेत्र की एकता से कोई समझौता नहीं करेगा. उन्होंने कहा, "हमारी सेना का जवाब पूर्ण और निर्णायक है. जो लोग हमारी शांति को कमजोरी समझेंगे, उन्हें कड़ा जवाब मिलेगा — और कोई भी पहुंच से बाहर नहीं होगा."

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि पाकिस्तान के लोग और सेना देश की सुरक्षा, संप्रभुता और इलाके की एकता को सुरक्षित रखने के लिए हमेशा तैयार हैं. प्रधानमंत्री ऑफिस से जारी एक बयान में, पीएम शहबाज ने देश की सुरक्षा और शांति को किसी भी तरह का नुकसान होने से रोकने के लिए सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता को दोहराया. उन्होंने कहा, "हमारी सेना किसी भी हमलावर इरादे को कुचलने में पूरी तरह सक्षम है."

उन्होंने आगे कहा, "प्यारी मातृभूमि की रक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा."

उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी सेना प्रोफेशनल क्षमताओं, हाई ट्रेनिंग और प्रभावी सैन्य रणनीति से लैस है और किसी भी अंदरूनी या बाहरी चुनौती से निपटने में पूरी तरह सक्षम है."

यह भी पढ़ें- अफगान बलों का पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी हमला, 17 आर्मी पोस्ट पर कब्जा किया, 40 सैनिक मारने का दावा