सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती शरद पवार, डॉक्टर की ओर से आया आधिकारिक बयान
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज कर रहे डॉक्टर की ओर...

Published : November 2, 2026 at 5:58 PM IST
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शरद पवार को प्ल्यूरिटिक दर्द की शिकायत के बाद जनरल हेल्थ चेक-अप और मेडिकल ऑब्जर्वेशन के लिए पुणे स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत ठीक होने की उम्मीद है, और एहतियात के तौर पर उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा. यह आधिकारिक बयान रूबी हॉल क्लिनिक के चेयरमैन, मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट और मैनेजिंग ट्रस्टी, डॉ. परवेज के. ग्रांट ने दी है. इस खबर में जानते हैं कि आखिर प्ल्यूरिटिक दर्द क्या और क्यों होता है. यह कितना खतरनाक है...
प्ल्यूरिटिक दर्द क्या है?
प्ल्यूरिटिक दर्द (जिसे प्लुरिसी या प्लूराइटिस भी कहा जाता है) छाती में होने वाला एक तेज, चुभने वाला या जलन पैदा करने वाला दर्द है, जो सांस लेने, सांस छोड़ने, खांसने, छींकने या हंसने पर और बढ़ जाता है. यह तब होता है जब आपकी छाती की दीवार के अंदर की परत (जिसे 'प्ल्यूरा' कहते हैं) में सूजन आ जाती है.
यह क्यों होता है?
माई क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, आपके फेफड़ों और छाती के अंदरूनी हिस्से पर 'प्ल्यूरा' नामक एक पतली परत होती है. इनके बीच की जगह में तरल पदार्थ (fluid) भरा होता है. यह तरल पदार्थ, किसी मशीन में तेल की तरह, सांस लेते और छोड़ते समय इन परतों को एक-दूसरे के ऊपर आसानी से फिसलने में मदद करता है. जब छाती की दीवार वाली प्ल्यूरा परत में सूजन आ जाती है, तो सांस लेते समय छाती में होने वाली हलचल से दर्द हो सकता है.
ज्यादातर मामलों में, फेफड़ों में किसी वायरस (जैसे फ्लू), बैक्टीरिया या अन्य संक्रमण के कारण प्लूरिसी होती है. इन संक्रमणों की वजह से आपके प्ल्यूरा में सूजन आ जाती है. जब आप सांस अंदर लेते हैं और आपके फेफड़े फैलते हैं, तो इस सूजन के कारण छाती में दर्द होता है.
प्ल्यूरिटिक दर्द या प्लूरिसी इन कारणों से भी हो सकती है...
- ऑटोइम्यून बीमारियां, जैसे लुपस, रुमेटीइड आर्थराइटिस या इंफ्लेमेटरी बाउल डिसीज
- फेफड़ों या प्ल्यूरा से जुड़ी बीमारियां, जैसे निमोनिया, फेफड़ों का कैंसर, मेसोथेलियोमा या एस्बेस्टोसिस
- छाती की सर्जरी या चोट
- पसलियों का टूटना
- फेफड़ों में खून का थक्का जमना (पल्मोनरी एम्बोलिज्म)
- सिकल सेल डिजीज
- कुछ खास दवाएं, जैसे कि हाइड्रैलाजीन, आइसोनियाजिड और प्रोकेनामाइड.
प्ल्यूरिटिक के लक्षण
प्लुरिसी का मुख्य लक्षण छाती में दर्द (प्ल्यूरिटिक दर्द) होना है. यह दर्द...
- तेज या चुभने वाला महसूस होता है
- छाती में किसी एक खास जगह पर होता है
- गहरी सांस लेने या खांसने पर बढ़ जाता है
- कभी-कभी कंधे या पीठ तक फैल सकता है
- दर्द से बचने के लिए आपको सांस लेने और कुछ भी निगलने में सावधानी बरतनी पड़ सकती है
इसके अलावा आपको ये समस्याएं भी हो सकती है...
- सांस फूलना
- खांसी
- बुखार
- बहुत ज्यादा थकान
प्लूरिसी की कॉम्प्लीकेशंस में शामिल हैं:
- फेफड़ों का थोड़ा कम होना (एटेलेक्टेसिस)
- आपके फेफड़ों के आस-पास ज्यााद फ्लूइड (प्ल्यूरल इफ्यूशन)
- आपके फेफड़ों के आस-पास पस जमा होना (एम्पाइमा)
- इन्फेक्शन (न्यूमोनिया)
प्लूरिसी का इलाज कैसे किया जाता है?
प्लूरिसी के इलाज में दो मुख्य लक्ष्यों पर ध्यान दिया जाता है: छाती के तेज दर्द से राहत दिलाना और सूजन के मूल कारण का इलाज करना.
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सुझाव केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए हैं. हम यह जानकारी वैज्ञानिक शोध, अध्ययनों और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की अनुशंसाओं के आधार पर प्रदान कर रहे हैं. इन सुझावों का पालन करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श करना सर्वोत्तम होगा.)

