सर्दियों में गर्म पानी से नहाएं या ठंडे से? नहाते समय सिर पर ठंडा पानी डालने के क्या हैं खतरे
सर्दियां में लोग सोचते हैं कि ठंडे पानी से नहाएं या गर्म से.इस सवाल का जानने के लिए हमने तीन एक्सपर्ट से बातचीत की है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : November 15, 2025 at 3:43 PM IST
शिमला: सर्दियों के मौसम में नहाना एक चुनौती बन जाता है, और सबसे बड़ा सवाल होता है. गर्म पानी से नहाएं या ठंडे पानी से? क्या ज्यादा गर्म पानी त्वचा को नुकसान पहुंचाएगा? क्या ठंडा पानी सीधे सिर पर डालना सुरक्षित है? सर्दियों की ठिठुरन शुरू होते ही हमारे सामने एक बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है आखिर नहाना किस पानी से सही है. ठंडा या गर्म? दोनों के अपने फायदे और नुकसान क्या हैं, और शरीर की ज़रूरत भी हर व्यक्ति में अलग होती है. इसलिए सही विकल्प समझदारी से चुनना जरूरी है.
कई लोग मानते हैं कि गर्म पानी शरीर को आराम देता है और ठंड से बचाता है, तो कुछ का कहना है कि ठंडा पानी इम्युनिटी बढ़ाता है और शरीर को ज्यादा एक्टिव बनाता है. यह जानना ज़रूरी इसलिए भी है क्योंकि गलत चुनाव से सर्दियों में स्किन प्रॉब्लम्स, मसल स्ट्रेन और स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकते हैं. इसलिए सर्द मौसम में नहाने का सही तरीका समझने के लिए हमें दोनों तरह के पानी के फायदों, नुकसान और शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जानना होगा. आपके लिए सर्दियों का सबसे सुरक्षित और अच्छा विकल्प कौन-सा है गर्म पानी या ठंडा पानी. इन्हीं उलझनों को दूर करने के लिए, हमने न्यूरोलॉजिस्ट (Neurologist) डॉ. सुधीर शर्मा, डर्मेटोलॉजिस्ट (त्वचा रोग विशेषज्ञ) डॉ. एनएसआर शेनॉय, और आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ. रेणु से बात की है.
न्यूरोलॉजिस्ट की राय: ठंडा पानी और मस्तिष्क का रिएक्शन
आईजीएमसी में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर शर्मा सर्दियों में ठंडे पानी से नहाने को अच्छा नहीं मानते और वो इससे शरीर को होने वाले नुकसान के बारे में बताते हैं कि 'ठंडे पानी से नहाना, खासकर सर्दियों में, शरीर के लिए एक झटका (shock) दे सकता है. इसका सीधा असर हमारे (Nervous System) पर पड़ता है.' क्या ठंडा पानी सिर पर सीधे डालना सुरक्षित है? इस पर डॉ. शर्मा बताते है कि ठंडा पानी सीधे सिर पर डालना, खासकर सर्दियों में, सुरक्षित नहीं है. इससे शरीर को कुछ नुकसान हो सकते हैं जैसे:
ब्रेन को रिएक्शन (Cold Shock Response): जब अचानक ठंडा पानी सिर पर पड़ता है, तो शरीर 'कोल्ड शॉक रिस्पॉन्स' (Cold Shock Response) प्रतिक्रिया देता है. इससे अचानक सांस लेने की दर (श्वसन दर) बढ़ जाती है और नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है. अत्यधिक ठंडक के कारण सिर की रक्त वाहिकाएं (Blood Vessels) अचानक सिकुड़ (contract) जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर (BP) और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है. ये मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह को भी प्रभावित कर सकता है.
किन लोगों को ठंडे पानी से नहीं नहाना चाहिए
डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि 'कुछ लोगों के लिए ठंडा पानी सीधे सिर पर डालना या ठंडे पानी से नहाना नुकसानदायक हो सकता है. हार्ट के मरीजों के लिए, ठंडे पानी का झटका हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर को अचानक बढ़ा सकता है, जिससे दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. ठंडे पानी से सिरदर्द या माइग्रेन का अटैक ट्रिगर हो सकता है, और साइनस के मरीजों की समस्या बढ़ सकती है. बुजुर्ग और छोटे बच्चों को भी सर्दियों में ठंडे पानी से नहीं नहाना चाहिए. इनके शरीर में तापमान को नियंत्रित करने की क्षमता कम होती है, इसलिए इन्हें ठंडे पानी से बचना चाहिए.'

डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह: त्वचा की नमी और तापमान
डॉ. एनएसआर शेनॉय, त्वचा रोग विशेषज्ञ बताते हैं कि सर्दियों में रूखी त्वचा (Dry Skin) एक आम समस्या है, और नहाने का गलत तरीका इसे और बदतर बना सकता है. डॉ. शेनॉय त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए महत्वपूर्ण सलाह देते हैं.
कितना गर्म पानी स्किन को नुकसान करता है?
डॉ. शेनॉय बताते हैं कि '35 से 40°C के बीच इससे अधिक गर्म पानी आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है. बहुत गर्म पानी त्वचा की ऊपरी परत पर मौजूद प्राकृतिक तेलों (सीबम) और लिपिड (Lipids) को हटा देता है, जो नमी बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं. प्राकृतिक तेल खत्म होने से त्वचा रूखी, खुजलीदार (itchy) हो जाती है, जिसे जेरोसिस (Xerosis) कहा जाता है. अगर आपको पहले से ही एक्जिमा (Eczema) या सोरायसिस (Psoriasis) जैसी त्वचा की समस्या है, तो गर्म पानी उनकी स्थिति को और खराब कर सकता है, जिससे लाली और सूजन बढ़ सकती है.'

सर्दियों में पानी का आदर्श तापमान
त्वचा के लिए, सर्दियों में पानी का तापमान गुनगुना (LukeWarm) होना चाहिए. आदर्श तापमान 37°C से 40°C (शरीर के सामान्य तापमान के करीब) है. इतना गर्म पानी आरामदायक होता है, पर यह त्वचा के प्राकृतिक तेलों को नहीं हटाता.
रूखी त्वचा, एक्जिमा वाले क्या करें?
- शॉवर का समय: नहाने का समय 5 से 10 मिनट तक सीमित रखें.
- साबुन: कठोर या खुशबूदार (fragrant) साबुन के बजाय pH-संतुलित (pH-balanced) और मॉइस्चराइजिंग क्लींजर (Moisturizing Cleanser) का उपयोग करें.
- एक्जिमा के लिए: गुनगुने पानी का ही उपयोग करें, और नहाने के बाद त्वचा को हल्के हाथ से थपथपाकर सुखाएं (Dab Dry).
नहाने के बाद मॉइस्चराइज़र कब लगाना चाहिए?
डॉ. शेनॉय के अनुसार, मॉइस्चराइज़र लगाने का सुनहरा नियम (Golden Rule) ये है कि, नहाने के तुरंत बाद त्वचा थोड़ी नम (damp) रहती है. इस नमी को त्वचा के अंदर लॉक करने के लिए, नहाने के बाद तुरंत (3 मिनट के भीतर), हल्के गीले शरीर पर ही मॉइस्चराइज़र लगाएं.
क्या कहता है आयुर्वेद
आयुर्वेद इस बारे में क्या कहता है. इसके लिए हमने आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. रेणु से बातचीत की. इस बारे में डॉ. रेणु ने कहा कि आयुर्वेद में स्नान केवल शरीर की सफाई नहीं, बल्कि एक चिकित्सा पद्धति है.त्रिदोष (वात, पित्त, कफ) के आधार पर स्नान के महत्वपूर्ण नियम बताए. डॉ रेणु ने बताया कि आयुर्वेद के अनुसार, स्नान के पानी का चुनाव व्यक्ति की प्रकृति (वात, पित्त, कफ), मौसम, और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है. सामान्यतः गर्म पानी (सहने योग्य) का उपयोग शरीर के लिए किया जाता है, क्योंकि यह वात और कफ दोष को शांत करता है. ठंडा पानी (सामान्य तापमान) पित्त दोष को शांत करता है, इसलिए यह गर्मियों में बेहतर माना जाता है.
नहाने का सही तरीका
नहाते समय सबसे पहला सवाल अक्सर यही होता है क्या पानी सीधे सिर पर डालना चाहिए या नहीं? कुछ लोग सीधे सिर पर पानी नहीं गिराते हैं. क्या सीधा पानी सिर पर डालना चाहिए या नहीं. इस बारे में सभी एक्सपर्ट की एक ही राय है.
- चाहे आप गुनगुने पानी का उपयोग कर रहे हों या ठंडे पानी का, शुरुआत शरीर के निचले हिस्से से करें.
- सबसे पहले पैरों पर पानी डालें, फिर धीरे-धीरे ऊपर की ओर छाती और कंधे तक आएं.
- यह शरीर को तापमान के लिए तैयार करता है, जिससे कोल्ड शॉक का खतरा कम होता है.
- शरीर पर गुनगुना पानी डालने के बाद, अंत में सिर पर ठंडा या सामान्य तापमान का पानी डालें.
ठंडा या गर्म. दोनों के अपने फायदे और नुकसान हैं, और शरीर की ज़रूरत भी हर व्यक्ति में अलग होती है. इसलिए सही विकल्प समझदारी से चुनना जरूरी है. इससे आप शारीरिक समस्याओं से बच सकते हैं.
ये भी पढ़ें: क्यों लगती है रील देखने और बनाने की लत, कितनी खतरनाक है ये आदत?

