'धुरंधर' का मुरीद हुआ यशराज फिल्म्स बैनर, आदित्य धर के टैलेंट और फिल्म की कहानी की तारीफों के बांधे पुल
यशराज फिल्म्स बैनर ने आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' की जमकर तारीफ की है. इसके लिए एक स्पेशल नोट भी लिखा है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : January 7, 2026 at 1:34 PM IST
हैदराबाद: यश राज फिल्म्स बैनर ने आदित्य धर की निर्देशित और रणवीर सिंह की अभिनीत फिल्म 'धुरंधर' की जमकर तारीफ की है. वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स बनाने और टाइगर सीरीज और पठान (2023) जैसी फिल्मों का निर्माण करने वाले इस प्रोडक्शन हाउस ने बुधवार को सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' की तारीफ करते हुए उसे 'भारतीय सिनेमा में एक मील का पत्थर' बताया.
'धुरंधर' की सफलता ने यश राज फिल्म्स के गलियारों में भी दस्तक दी है. आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन बैनर ने 7 जनवरी को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर एक लंबा नोट पोस्ट किया, जिसमें डायरेक्टर आदित्य धर और पूरी टीम को शानदार सफलता के लिए बधाई दी और उनकी तारीफ की. यह तब हुआ जब 'धुरंधर' ने यशराज फिल्म्स की 'जवान' सहित कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. दरअसल, वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की 'टाइगर 3' और 'पठान' को भी 'धुरंधर ने पीछे छोड़ दिया है.
बुधवार, 7 जनवरी को प्रोडक्शन हाउस ने इंस्टाग्राम पर 'धुरंधर' की तारीफ करते हुए एक लंबा नोट साझा किया. फिल्म की तारीफ और टीम को बधाई देते हुए उन्होंने लिखा है, 'धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं है. यह भारतीय सिनेमा में एक ऐतिहासिक पल है जिसे हमेशा याद रखा जाएगा. आदित्य धर और जियो स्टूडियोज को अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म (एक ही भाषा में) बनने के लिए बधाई.'
उन्होंने आदित्य धर की सोच और कहानी पर प्रकाश डालते हुए लिखा है, 'जहाज के कप्तान के तौर पर, आदित्य धर के मकसद की साफ सोच, निडर कहानी कहने का तरीका और बेहतरीन काम के प्रति अटूट लगन ने भारतीय सिनेमा के लिए एक नया बेंचमार्क बनाया है. हम इस शानदार फिल्म के हर कलाकार और टेक्नीशियन को भी बधाई देते हैं, जिन्होंने अपना सब कुछ दिया.'
असल 'धुरंधर' के बारे में बात करते हुए वाईआरएफ ने आखिरी में लिखा है, 'आप ही वो धुरंधर हैं जिन्होंने फिल्म के विचार को बड़े पर्दे पर इतनी जोर से और इतने शानदार तरीके से पेश किया. हमें ऐसा सिनेमा देने के लिए धन्यवाद जो हमें क्रिएटिव बेहतरीन काम की तलाश में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है.'
रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राजेश बेदी, सारा अर्जुन और अन्य कलाकारों वाली 'धुरंधर' ने 33वें दिन (मंगलवार) तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर (नेट) 831.40 करोड़ रुपये कमाए हैं. इसी के साथ यह 800 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है.

