त्विशा शर्मा-दीपिका नागर दहेज हत्या मामले पर कंगना रनौत का आया बयान, युवा महिलाओं को दी ये बड़ी सलाह
दीपिका नागर और त्विशा शर्मा दहेज हत्या मामले पर कंगना रनौत का बयान सामने आया है, जिसमें वे युवा महिलाओं को सलाह देती दिखी हैं.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : May 19, 2026 at 7:26 PM IST
हैदराबाद: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज के चलते सुर्खियों में हैं. उन्होंने हाल ही में हुई दो युवतियों त्विशा शर्मा और दीपिका नागर की मौत पर बड़ा बयान दिया है. इन दोनों के दुखद मामलों ने दहेज उत्पीड़न और शादीशुदा महिलाओं के खिलाफ हिंसा को लेकर पूरे देश में एक बड़ी बहस छेड़ दी है.
पिछले कुछ दिनों में इन मौतों ने पूरे देश को झकझोरकर रख दिया है. खबरों के मुताबिक, त्विशा शर्मा भोपाल में अपने ससुराल में मृत पाई गईं, जबकि दूसरी महिला, दीपिका नागर की अपने घर की बालकनी से गिरने के बाद मौत हो गई. इन दोनों ही मामलों में, युवतियों के परिवारों ने उनके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है.
इन घटनाओं ने सोशल मीडिया पर भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. कई लोग दहेज से जुड़े अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शादी के बाद उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं के लिए मजबूत कानून बनाने की मांग की है. इन सबके बीच कंगना ने भी अपने विचार सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं.
दिल दहला देने वाले इन मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने मंगलवार, 19 मई को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने युवा महिलाओं को शादी से पहले आर्थिक स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया.

कंगना ने अपने नोट में लिखा है, 'हर दिन शादीशुदा युवा महिलाओं से जुड़ी कई दुखद खबरें सामने आती हैं. इनमें से कई पढ़ी-लिखी युवा महिलाएं तो अपने माता-पिता से गुहार भी लगाती हैं कि कोई अनहोनी होने से पहले वे उन्हें इन घुटन भरी स्थितियों से बाहर निकालें. लेकिन भारतीय समाज इस बात के लिए बदनाम है कि बेटियों की शादी हो जाने के बाद वह उन्हें अकेला छोड़ देता है.'
कंगना ने अपने नोट में युवा महिलाओं को सलाह देते हुए नोट में लिखा है, 'युवा महिलाओं के लिए मेरी एक सलाह है,ऐसी सलाह जो आपको कोई सोशल मीडिया, फैशन, डेटिंग, शादी या मेकअप इंडस्ट्री नहीं देगी. आपकी जिंदगी में किसी भी और चीज से ज्यादा जरूरी आपका करियर है. शादी के बारे में तभी सोचें जब आप आत्मनिर्भर हो जाएं.'
एक्ट्रेस ने महिलाओं से खुद की रक्षा खुद करने की सलाह दी है. उन्होंने महिलाओं से रिक्वेस्ट करते हुए नोट के आखिरी में लिखा है, 'प्लीज, आपको अपना हीरो खुद बनना होगा. कोई और आपको बचाने नहीं आएगा. आप क्या करती हैं और आप कौन हैं? यह इस बात से कहीं ज्यादा जरूरी है कि आप किससे शादी करती हैं. अपनी जिंदगी वैसी ही बनाएं जैसी आप चाहती हैं, किसी और की बात न सुनें.'

