ETV Bharat / entertainment

तृषा कृष्णन की नई फिल्म का एलान, तमिल साइकोलॉजिकल थ्रिलर के लिए एक्ट्रेस ने 'एयरलिफ्ट' फेम राजा कृष्ण मेनन से मिलाया हाथ

तृषा कृष्णन, राधिका सरथकुमार और अपर्णा बालमुरली, राजा कृष्ण मेनन के निर्देशन में बनने वाली एक साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाएंगी.

Trisha Krishnan
तृषा कृष्णन (ANI)
author img

By ETV Bharat Entertainment Team

Published : September 2, 2026 at 8:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: तृषा कृष्णन ने एक नई फिल्म का एलान किया है. वह एक नई तमिल फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं, जिसमें मिस्ट्री, हॉरर और साइकोलॉजिकल सस्पेंस तीनों चीजें देखने को मिलेगी. इसे राजा कृष्ण मेनन डायरेक्ट कर रहे हैं. राधिका सरथकुमार और अपर्णा बालमुरली भी इस फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं. फ़िल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन लंदन में इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है.

पैनोरमा स्टूडियोज ने तृषा के साथ मिलकर बुधवार, 2 सितंबर को अपने नए प्रोजेक्ट का अनाउंसमेंट किया. मेकर ने तृषा के साथ एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह क्लैप बोर्ड हाथ में थामे दिख रही हैं. इस तस्वीर को साझा करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है, तमिल सिनेमा में एक नई कहानी की शुरुआत हो रही है. पैनोरमा स्टूडियोज की पहली तमिल फिल्म का प्रोडक्शन आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है.'

लोकोमोटिव ग्लोबल के साथ मिलकर, पैनोरमा स्टूडियोज ने अपनी पहली तमिल फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है. इस प्रोजेक्ट को हॉरर के साथ मिला-जुला एक डार्क साइकोलॉजिकल ड्रामा बताया जा रहा है और यह पूरी तरह से महिलाओं पर केंद्रित है.

इस फिल्म में तीन ऐसी हसीनाएं है, जिन्होंने तमिल, मलयालम और हिंदी सिनेमा में बेहतरीन काम किया है. तृषा कृष्णन '96', 'विन्नैथांडी वरुवाया', 'घिल्ली' और 'पोन्नियिन सेलवन' जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती हैं. जबकि राधिका सरथकुमार ने 'किझाक्कु चीमाइयिले', 'पासुमपोन', 'थंगा मगन' और 'थेरी' जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया है. अपर्णा बालमुरली 'सोरारई पोट्टरु', 'महेशिन्ते प्रथिकारम' और '8 थोट्टक्कल' में अपने काम के लिए जानी जाती हैं.

इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए, पैनोरमा स्टूडियोज के फाउंडर और चेयरमैन कुमार मंगत पाठक ने एक बयान में कहा, 'तमिल सिनेमा हमेशा से ही बोल्ड, ओरिजिनल और कल्चरल से जुड़ी कहानियों के लिए जाना जाता रहा है, और हम चाहते थे कि हमारी पहली तमिल फिल्म में भी वही भावना दिखे. यह एक खास जॉनर की फिल्म है, जिसकी कहानी एक दिलचस्प दुनिया पर आधारित है और राजा ने इसे एक अलग नज़रिया दिया है. हमें इतने टैलेंटेड लोगों के साथ काम करने की खुशी है और हमें यकीन है कि यह फिल्म दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देगी.'

'एयरलिफ्ट', 'शेफ' और 'पिप्पा' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर डायरेक्टर राजा कृष्ण मेनन इस फ़िल्म के ज़रिए पहली बार साइकोलॉजिकल हॉरर जॉनर में कदम रख रहे हैं. राजेश मेनन और जॉर्ज कैमरन इसके को-प्रोड्यूसर हैं, जबकि अभिनव मेहरोत्रा ​​क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं.

यह भी पढ़ें: