ETV Bharat / entertainment

विजय के घर की पूरी कुंडली: डायरेक्टर पिता, सिंगर मां और बीवी..., जानिए थलपति के फैमिली की पूरी इनसाइड स्टोरी

विजय एक ऐसे जाने-माने फिल्मी परिवार से आते हैं जिसकी जड़ें तमिल सिनेमा में जुड़ी हुई हैं. आइए नजर डालें विजय के फैमिली ट्री पर..

Thalapathy Vijay
थलपति विजय (IANS)
author img

By ETV Bharat Entertainment Team

Published : May 6, 2026 at 2:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय, जिन्हें 'थलपति विजय' के नाम से जाना जाता है, इन दिनों सुर्खियों में हैं. फिल्मी दुनिया में सफल होने के बाद उन्होंने पॉलिटिक्स के गलियारे में कदम रखा है. उनकी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) पार्टी ने 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें हासिल की है.

विजय न सिर्फ अपनी फिल्मों और पॉलिटिक्स में बल्कि अपने मजबूत फैमिली बैकग्राउंड के लिए भी चर्चा में रहते हैं. उनका परिवार लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा रहा है, जिसने उनके करियर और व्यक्तित्व को गहराई से प्रभावित किया.

कौन हैं थलपति विजय?
विजय का असली नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है. उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी और बाद में लीड एक्टर के तौर पर तमिल सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई. आज वह तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं, जिनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई करती हैं. एक्टिंग के अलावा, वह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

कौन है थलपति विजय के पिता?
विजय के पिता एस. ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर हैं. उन्होंने 1978 में फिल्म 'अवल ओरु पचाई कुझानथाई' से अपने डायरेक्शन करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान 1981 की फिल्म 'सत्तम ओरु इरुत्तराई' से मिली, जो उस समय बड़ी हिट साबित हुई. उन्होंने कई सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में बनाई हैं और अपने बेटे विजय को भी शुरुआती दौर में फिल्मों में लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई.

कौन है थलपति विजय की मां?
विजय की मां शोभा चंद्रशेखर एक जानी-मानी प्लेबैक सिंगर हैं. उन्होंने कई तमिल फिल्मों के लिए गाने गाए हैं. उनका पहला फिल्मी गाना 'महाराजा ओरु महारानी' (इरु मलर्गल) था. इसके अलावा, वह एक कुशल राइटर और प्रोड्यूसर भी हैं और परिवार के फिल्मी माहौल को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है.

बहन की असमय मृत्यु
विजय की एक छोटी बहन थी, जिसका नाम विद्या चंद्रशेखर था. विद्या का महज दो साल की उम्र में निधन हो गया था. इस दुखद घटना ने विजय के जीवन पर गहरा असर डाला. कई रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद उनका स्वभाव पहले से अधिक शांत हो गया, जिसका असर उनके व्यक्तित्व में भी देखने को मिलता है.

Thalapathy Vijay Family Tree
विजय का फैमिली ट्री (ETV Bharat)

विजय की दिलचस्प लव स्टोरी और शादी
संगीता सोरनालिंगम श्रीलंका में जन्मी और लंदन में पली-बढ़ी हैं. वह एक तमिल बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती है. संगीता पहले विजय की बड़ी फैन थीं और उनसे मिलने के लिए लंदन से चेन्नई आई थीं. मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच प्यार हो गया. इसके बाद 1999 में दोनों ने शादी कर ली. संगीता अक्सर लाइमलाइट से दूर रहती हैं, लेकिन परिवार में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. हालांकि, उनका रिश्ता तलाक की ओर बढ़ गया है. उनके तलाक की प्रक्रिया अभी चल रही है.

कौन है विजय का बेटा?
विजय और संगीता के बेटे जेसन संजय का जन्म 2000 में हुआ. उन्होंने 2024 में फिल्म 'G.O.A.T' में अपने पिता के साथ स्क्रीन शेयर किया, जिससे वह चर्चा में आए. जेसन का झुकाव एक्टिंग के साथ-साथ डायरेक्शन की ओर भी है और माना जा रहा है कि वह भविष्य में फिल्म इंडस्ट्री में एक डायरेक्टर के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं.

लाइमलाइट से दूर रहती है विजय की बेटी
विजय की बेटी दिव्या साशा अपने भाई के मुकाबले काफी प्राइवेट लाइफ जीती हैं. वह मीडिया और पब्लिक अपीयरेंस से दूर रहती है और फिलहाल अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर रही है.

थलपति विजय का परिवार पूरी तरह से कला और सिनेमा से जुड़ा हुआ है. पिता से उन्हें फिल्ममेकिंग की समझ मिली, मां से संगीत का संस्कार, और आज वह खुद एक सुपरस्टार के रूप में मशहूर हैं. अब उनकी अगली पीढ़ी भी धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री की ओर कदम बढ़ा रही है, जिससे यह साफ है कि यह फिल्मी विरासत आगे भी जारी रहने वाली है.

यह भी पढ़ें: