ETV Bharat / entertainment

भारत-पाक सीमा पर 'बॉर्डर 2' का पहला गाना, सनी देओल के साथ पूरी टीम मौजूद

'बॉर्डर-2' का पहला आधिकारिक गाना 'घर कब आओगे' का भव्य विमोचन किया जाएगा. इस मौके पर फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट और म्यूजिक टीम मौजूद रहेगी.

Border 2 Song
बॉर्डर पर गूंजेगा 'बॉर्डर 2' का पहला सॉन्ग (Source : T-Series)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 2, 2026 at 1:53 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जैसलमेर: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल एक बार फिर देशभक्ति की भावना से जुड़े ऐतिहासिक स्थल तनोट माता मंदिर पहुंच चुके हैं. शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान सीमा के समीप स्थित इस पावन धाम में फिल्म 'बॉर्डर-2' का सॉन्ग लॉन्च किया जाएगा. इस मौके पर फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट और म्यूजिक टीम मौजूद रहेगी. कार्यक्रम में सनी देओल के साथ अभिनेता वरुण धवन और अहान शेट्टी भाग लेंगे. वहीं, सिंगर सोनू निगम, संगीतकार मिथुन और गीतकार मनोज मुंतशिर भी इस खास अवसर के साक्षी बनेंगे.

होटल नहीं, आस्था की भूमि से शुरुआत : आमतौर पर बड़ी फिल्मों के गाने और ट्रेलर मुंबई या विदेशों के लग्जरी होटलों में लॉन्च किए जाते हैं, लेकिन सनी देओल ने इसके लिए तनोट माता मंदिर को चुना है. यह चयन केवल एक स्थान का नहीं, बल्कि एक सोच को दर्शाता है. शौर्य, बलिदान और विश्वास की प्रतीक यह धरती फिल्म की आत्मा से गहराई से जुड़ी मानी जा रही है.

जैसलमेर में 'बॉर्डर 2' की टीम, फैंस के साथ ली सेल्फी... (ETV Bharat Jaisalmer)

फिल्म गदर-2 से जुड़ा विश्वास, जो बना प्रेरणा : सनी देओल का तनोट माता से जुड़ाव नया नहीं है. चर्चा है कि हिंदी फिल्म गदर-2 की रिलीज से पहले वे यहां माता के दर्शन के लिए आए थे और सफलता की कामना की थी. इसके बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक कमाई की. सनी देओल स्वयं मानते हैं कि माता की कृपा ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी. इसी आस्था के चलते 'बॉर्डर-2' जैसी बड़ी फिल्म की शुरुआत उन्होंने उसी पवित्र भूमि से करने का निर्णय लिया, जहां देश की सीमाओं की रक्षा होती है.

Film Border 2 in Jaisalmer
'बॉर्डर 2' की टीम पहुंची जैसलमेर (ETV Bharat Jaisalmer)

एम्फीथिएटर में देशभक्ति के सुर : तनोट माता मंदिर के सामने बने एम्फीथिएटर में सॉन्ग लॉन्च का आयोजन किया जाएगा. टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स इसे केवल एक फिल्मी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जवानों के सम्मान से जुड़ा आयोजन मान रही है.

पढ़ें : WATCH: 'बॉर्डर 2' के टीजर इवेंट में इमोशनल हुए सनी देओल, बोले- ऐसी चीज होती है तो खून खौलता है

गाने का भाव : 'घर कब आओगे' उन परिवारों की भावनाओं को स्वर देता है, जिनके अपने सरहद पर तैनात हैं. इसके अलावा इस गीत में सनी देओल के साथ वरुण धवन और अहान शेट्टी फिल्म में नए जोश का संकेत देते हैं. वहीं, मुख्य रूप से 'संदेशे आते हैं' के बाद एक बार फिर सोनू निगम की देशभक्ति से भरी आवाज माहौल को भावुक कर देगी.

जवानों से खास जुड़ाव : तनोट यात्रा के दौरान सनी देओल का बीएसएफ जवानों से आत्मीय रिश्ता भी देखने को मिलता है. पूर्व में वे जवानों के साथ समय बिताते, उनके साथ भोजन करते और युद्ध संग्रहालय में घंटों इतिहास को महसूस करते नजर आए हैं. यहां वे एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक सच्चे देशभक्त की तरह दिखाई देते हैं.

सिनेमा की बदलती दिशा : तनोट माता मंदिर से 'बॉर्डर-2' के गीत का लॉन्च इस बात का संकेत है कि हिंदी सिनेमा अब फिर से अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों की ओर लौट रहा है. यह आयोजन केवल फिल्म प्रचार नहीं, बल्कि देश के शौर्य और बलिदान को नमन है.

पढ़ें : 'आवाज कहां तक जानी चाहिए? लाहौर तक', विजय दिवस पर 'बॉर्डर 2' का देशभक्ति टीजर रिलीज

कार्यक्रम की मुख्य झलकियां : आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से शस्त्र पूजा होगी, जिसके तहत फिल्म की टीम मंदिर में शस्त्र पूजा और विशेष आरती में भाग लेगी. इसके बाद पहली बार फिल्म का गीत सीधे उन जवानों के सामने लॉन्च होगा, जिनके लिए यह लिखा गया है. वहीं, सोनू निगम और मिथुन लाइव प्रस्तुति देंगे. इसके बाद लोंगेवाला युद्ध के शहीदों को एक विशेष डिजिटल ट्रिब्यूट दिया जाएगा.

मुंबई की फ्लाइट से कास्ट टीम पहुंची जैसलमेर : गाने की लॉन्चिंग को लेकर फिल्म की कास्ट टीम जैसलमेर पहुंच चुकी है. फिल्म निर्माता भूषण कुमार समेत वरुण धवन, अहान शेट्टी, अभिनेत्री निधि दत्ता, गायक सोनू निगम ने एयरपोर्ट पर फैंस के साथ सेल्फी ली.

Sunny Deol in Jaisalmer
अभिनेता सन्नी देओल पहुंचे जैसलमेर (ETV Bharat Jaisalmer)

अभिनेता सन्नी देओल पहुंचे जैसलमेर : अभिनेता सनी देओल चार्टर विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सड़क मार्ग द्वारा सीधे तनोट माता मंदिर के लिए रवाना हुए. सभी सेलिब्रिटी भारत–पाक सीमा क्षेत्र में पहुंच कर तनोट माता मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके बाद देश में अमन, चैन और खुशहाली की कामना के साथ वीडियो सॉन्ग लॉन्च किया जाएगा.