डीपफेक का शिकार हुईं 'अर्जुन रेड्डी' की एक्ट्रेस शालिनी पांडे, जाहिर किया गुस्सा, बोलीं- ये देखना बहुत...
शालिनी पांडे ने एक स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एआई-जनरेटेड वीडियो के बारे में जानकारी दी है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : August 31, 2026 at 5:29 PM IST
हैदराबाद: जयेशभाई जोरदार (2022) की एक्ट्रेस शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर फैल रहे अपने एक फेक एआई-जनरेटेड वीडियो पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने साफ किया कि यह वीडियो 'पूरी तरह से नकली' है और इसमें वह नहीं हैं. उन्होंने महिलाओं को नुकसान पहुंचाने वाले वीडियो बनाने के लिए टेक्नोलॉजी और एआई के गलत इस्तेमाल की भी कड़ी निंदा की. उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें यह वीडियो दिखे, तो वे इसकी रिपोर्ट करें.
सोमवार 31 अगस्त को शालिनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनका एक एआई जनरेटेड वीडियो वायरल हो रहा है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैं अपने एक फेक, एआई-जनरेटेड वीडियो के बारे में बात करना चाहती हूं जो अभी सर्कुलेट हो घूम रहा है. यह वीडियो पूरी तरह से नकली है और इसमें दिखने वाली लड़की मैं नहीं हूं.'
एक्ट्रेस ने टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल की निंदा करते हुए आगे लिखती हैं, 'यह देखना बहुत परेशान करने वाला है कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल लोगों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाने और उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए इस तरह किया जा रहा है. मैं इस तरह के गलत व्यवहार की कड़ी निंदा करती हूं और मानती हूं कि टेक्नोलॉजी के ऐसे गलत इस्तेमाल को कभी भी सामान्य नहीं माना जाना चाहिए.'
आखिरी में उन्होंने लोगों से खास रिक्वेस्ट करते हुए लिखा है, 'अगर आपको यह वीडियो दिखे, तो प्लीज इसे शेयर, फॉरवर्ड या डाउनलोड न करें और न ही इस पर कोई प्रतिक्रिया दें. इसके बजाय, प्लीज इसकी तुरंत रिपोर्ट करें. मैं सभी से रिस्पॉसिबल और माइंडफुल बनने की रिक्वेस्ट करती हूं. इसे और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के बजाय, इसे फैलने से रोकने में मदद करें. थैंक्यू.'
शालिनी पांडे ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2017 की तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी से की थी, इस फिल्में उन्होंने विजय देवरकोंडा के साथ अभिनय किया था. इस फिल्म में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी. इसके बाद 2018 में उन्होंने महानति, 2019 में 118 और 100% कधल, 2022 में जयेशभाई जोरदार और 2024 में महाराज जैसी फिल्मों में नजर आईं. उन्हें पिछली बार पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और चंकी पांडे अभिनीत फिल्म 'राहु केतु' में देखा गया था.

