ETV Bharat / entertainment

WATCH: हैदराबाद में संजय दत्त, नंदमुरी बालकृष्ण के साथ कैंसर अस्पताल का किया दौरा

बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने हैदराबाद के बसावतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा किया.

Sanjay Dutt
बसावतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल में संजय दत्त (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Entertainment Team

Published : July 6, 2026 at 8:45 PM IST

|

Updated : July 6, 2026 at 8:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने हैदराबाद स्थित बसावतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा किया. इस दौरान अस्पताल के चेयरमैन और एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण, ट्रस्ट बोर्ड सदस्य नारा ब्राह्मणी और जे.एस.आर. प्रसाद ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. अस्पताल पहुंचने के बाद संजय दत्त ने परिसर में स्थापित स्वर्गीय नंदमुरी बसवतारकम और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज एक्टर एन.टी. रामाराव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

दौरे के दौरान संजय दत्त ने अस्पताल के विभिन्न अत्याधुनिक विभागों का निरीक्षण किया. उन्होंने पीईटी-सीटी (PET-CT), रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट और बच्चों के वार्ड का दौरा कर वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की. उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया. बच्चों के वार्ड में संजय दत्त ने नन्हे मरीजों को फल और उपहार वितरित किए, जिससे बच्चों और उनके परिजनों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली.

बसावतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल पहुंचे बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त (ETV Bharat)

इस अवसर पर नंदामुरी बालकृष्ण ने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय बसवतारकम की स्मृति में स्थापित यह अस्पताल देश के प्रमुख कैंसर उपचार संस्थानों में से एक है. उन्होंने बताया कि अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लगातार विकसित किया जा रहा है. उनका लक्ष्य इसे भविष्य में विश्वस्तरीय कैंसर उपचार एवं अनुसंधान केंद्र के रूप में स्थापित करना है, ताकि देशभर के मरीजों को बेहतर और सुलभ इलाज मिल सके.

संजय दत्त ने अस्पताल के डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मियों और प्रबंधन के कार्यों की सराहना की और कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए मरीजों को मजबूत इच्छाशक्ति और साहस की आवश्यकता होती है. उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह स्वयं फेफड़ों के कैंसर का सफलतापूर्वक सामना कर चुके हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि शरीर में कैंसर से जुड़े किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं. समय पर बीमारी का पता चलने और उचित इलाज शुरू होने से कैंसर पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है.

संजय दत्त ने अस्पताल द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि नंदामुरी बालकृष्ण के नेतृत्व में यह संस्थान न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, बल्कि जरूरतमंद और गरीब मरीजों को बेहतर इलाज देकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभा रहा है.

यह भी पढ़ें:

Last Updated : July 6, 2026 at 8:53 PM IST