'कुमकुम भाग्य' फेम संचिता उगाले ने की आत्महत्या, फैंस को लगा झटका, जांच में जुटी पुलिस
टीवी एक्ट्रेस संचिता उगाले ने आत्महत्या कर ली है. उनकी आत्महत्या की खबर ने सभी फैंस को हैरान कर दिया है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : June 15, 2026 at 1:33 PM IST
|Updated : June 15, 2026 at 1:43 PM IST
मुंबई: टीवी एक्ट्रेस संचिता उगाले ने मुंबई में आत्महत्या कर ली है. उनकी उम्र 22 साल थी. संचिता उगाले टीवी और फिल्मों में अपने काम के लिए जानी जाती थीं, जिनमें 'कुमकुम भाग्य', 'सजन घर' और 'दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी' जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं'
आईएएनएस के मुताबिक, महाराष्ट्र के नालासोपारा ईस्ट में 22 साल की एक्ट्रेस संचिता उगाले अपने घर पर मृत पाई गईं. यह मामला आत्महत्या का है. अचोले पुलिस के अनुसार, 14 जून को वह अपने बेडरूम में मिलीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है और पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.
#BREAKING: Actress Sanchita Ugale, 22, was found dead at her residence in Nalasopara East, Maharashtra, in an alleged suicide case. According to Achole Police, she was found hanging from a ceiling fan in her bedroom on June 14. She was rushed to a hospital, where doctors declared… pic.twitter.com/G5Lu6Tus3Z
— IANS (@ians_india) June 15, 2026
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 22 साल की एक्ट्रेस ने नालासोपारा ईस्ट के आचोले गांव में साईं संतोषी बिल्डिंग स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली. यह घटना 14 जून को शाम 7:00 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई.
आचोले पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर विनोद बाग ने बताया कि संचिता ने खुद को अपने बेडरूम में बंद कर लिया था और साड़ी से छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग उन्हें वसई-विरार म्युनिसिपल हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले जांच रिपोर्ट तैयार की.
अधिकारियों ने कहा है कि सभी संभावित पहलुओं से विस्तृत जांच की जा रही है. मृतका के पिता मच्छिंद्र उगले की शिकायत के आधार पर आचोले पुलिस ने 15 जून को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की.
पुलिस ने कहा कि घटना के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और आगे की जांच जारी है. इस खबर से टेलीविजन इंडस्ट्री सदमे में है और दिवंगत एक्ट्रेस के लिए शोक संदेश आ रहे हैं. घटना की परिस्थितियों के बारे में और जानकारी का इंतजार है.
नोट- आत्महत्या कोई समाधान नहीं है. अगर आपके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, या आप किसी दोस्त को लेकर परेशान हैं, या आपको भावनात्मक सहारे की जरूरत है, तो कोई है जो हमेशा आपकी बात सुनने के लिए मौजूद है. स्नेहा फ़ाउंडेशन को 04424640050 (24x7 उपलब्ध) पर या टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ़ सोशल साइंसेज की हेल्पलाइन iCall को 9152987821 (सोमवार से शनिवार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध) पर कॉल करें.

