सलीम खान हेल्थ अपडेट: एक महीने के बाद लीलावती हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए सलमान के पिता
एक महीने के बाद सलमान खान के पिता सलीम लीलावती हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं. 17 फरवरी को वह हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : March 17, 2026 at 7:19 PM IST
हैदराबाद: सलमान खान और सलीम खान के फैंस के लिए गुड न्यूज है. उनकी तबीयत पहले से काफी बेहतर हैं. लगभग 1 महीने के बाद, राइटर को लीलावती हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है.
जाने-माने स्क्रीनराइटर सलीम खान को पिछले महीने 17 फरवरी को ब्रेन हेमरेज होने के बाद मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था. डॉक्टरों ने पहले बताया था कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में कड़ी निगरानी में रखा जा रहा है.
वहीं, डॉ. जलील पारकर ने सर्जरी कई अफवाहों पर सफाई देते हुए कहा था कि सलीम खान की कोई सर्जरी नहीं की गई है. डॉक्टर ने कहा, 'कोई सर्जरी नहीं की गई. यह एक ऐसा प्रोसीजर था जो हम आमतौर पर करते हैं. हां उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था, जो बहुत कम था, और इसके लिए किसी सर्जिकल इंटरवेंशन की जरूरत नहीं थी. किसी सर्जरी की जरूरत नहीं थी. इसका इलाज कर दिया गया है. एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था'
लगभग एक महीने के बाद सलीम खान के डिस्चार्ज की खबर मिली है. पीटीआई के अनुसार, मंगलवार, 17 मार्च को सलीम खान को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और उन्हें घर ले जाया गया है.
एक सूत्र ने मंगलवार को पीटीआई को बताया, 'उनका इलाज सफलतापूर्वक हो गया है. उन्हें कुछ देर पहले ही हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया है. इससे पहले, सुबह के समय, सलीम खान के बेटे और सुपरस्टार सलमान खान अस्पताल पहुंचे थे.
सलीम खान के हॉस्पिटल में एडमिट होने के बाद सलमान खान के अलावा उनके दूसरे बच्चे अरजबाज, अलवीरा, अर्पिता, और दामाद अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा भी उनसे मिलने आते रहे थे. उनके लंबे समय के साथी रहे जावेद अख्तर भी उनसे मिलने आए थे.
90 साल के सलीम खान ने जावेद अख्तर के साथ मिलकर शोले, दीवार और डॉन जैसी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखी थी. इसके अलावा, सलीम-जावेद की जोड़ी ने त्रिशूल, जंजीर, सीता और गीता, हाथी मेरे साथी, यादों की बारात और मिस्टर इंडिया भी लिखीं.

