ना शाहरुख ना सलमान, रणवीर सिंह ने रचा इतिहास, बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रिकॉर्ड बनाने वाले बने पहले बॉलीवुड एक्टर
रणवीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई की रेस में शाहरुख, सलमान और आमिर खान जैसे सितारों को पीछे छोड़ दिया है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : January 7, 2026 at 4:10 PM IST
हैदराबाद: एक ऐसे उद्योग में जहां सफलता को अक्सर आंकड़ों से मापा जाता है, ऐसे ऐतिहासिक पल बहुत कम आते है, जब आंकड़े खुद इतिहास बन जाते हैं. धुरंधर के साथ रणवीर सिंह ने वह कर दिखाया है, जो भारतीय सिनेमा में आज तक कोई और अभिनेता नहीं कर पाया. एक ही भाषा (हिंदी में), अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म देना. यह कोई मामूली बॉक्स ऑफिस उपलब्धि नहीं, बल्कि एक ऐसा मील का पत्थर है, जो उन्हें एक अलग ही मुकाम पर खड़ा करता है.
धुरंधर ने सिर्फ जबरदस्त ओपनिंग ही नहीं ली थी, बल्कि हफ्तों तक टिके रहकर और भी फैलते हुए लगातार बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा. इस ऐतिहासिक सफर के केंद्र में है एक ऐसी परफॉर्मेंस, जो भव्य पैमाने को सशक्त अभिनय से संतुलित करती है. रणवीर ध्यान खींचने के लिए शोर या दिखावे पर निर्भर नहीं रहते, उनकी पकड़ नियंत्रण से आती है. हर फ्रेम सोच-समझकर रचा गया लगता है, हर पल सटीक. यही संतुलन मास अपील की तीव्रता और अभिनय की सूक्ष्मता के बीच, उन्हें इतनी विशाल फिल्म का भार उठाने के बावजूद किरदार को पूरी सांस लेने की जगह देता है.
ट्रेड एनालिस्ट्स और दर्शकों की राय एक बात पर एकमत है. धुरंधर के साथ रणवीर सिंह ने खुद को इस पीढ़ी का बेहतरीन अभिनेता साबित किया है. सिर्फ एक स्टार के रूप में नहीं, बल्कि ऐसे कलाकार के रूप में जिस पर दर्शक भरोसा करते हैं कि वह बड़े कैनवास की कहानी में भी गहराई लेकर आएगा. फिल्म की लगातार मजबूत कमाई उसी भरोसे का प्रतिबिंब है. दर्शक सिर्फ अनुभव के लिए नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस के लिए दोबारा सिनेमाघरों में लौटे, जो आज के दौर में बेहद दुर्लभ है.
धुरंधर के साथ रणवीर सिंह ने सिर्फ एक रिकॉर्ड अपने नाम नहीं किय. उन्होंने खुद को शिखर पर स्थापित कर दिया है. ट्रेंड्स का पीछा करके नहीं, बल्कि नए मानक स्थापित करके. यही रियल अल्फा है, जब कला आगे चलती है, जनता उसके पीछे आती है, और इतिहास उसे दर्ज कर लेता है.
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने लिखा है, धुरंधर बॉक्स ऑफिस का नया सम्राट है, जिसने पुष्पा 2 को पीछे छोड़ दिया है, इंडियन हिस्ट्री में बड़ा मोमेंट, हिंदी फिल्म बिजनेस में टॉप, पुष्पा 2 का हिंदी रिकॉर्ड कलेक्शन ज्यादा दिन नहीं चला, धुरंधर ने तोड़ दिया, 33वें दिन की कमाई से धुरंधर एक ही भाषा में सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है, फिल्म ने 33वें दिन 5.70 करोड़ रुपये कमाए और फिल्म का हिंदी कलेक्शन 831.40 करोड़ रुपये हो गया है.

