ETV Bharat / entertainment

बंगाल चुनाव के बाद बढ़ा विवाद, ममता बनर्जी के CM पद से इस्तीफा न देने पर आया राम गोपाल वर्मा का बयान, जानें क्या बोले फिल्ममेकर

ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार करने पर राम गोपाल वर्मा की प्रतिक्रिया आई है. देखें फिल्ममेकर ने क्या कहा है.

Ram Gopal Varma Mamata Banerjee
ममता बनर्जी/राम गोपाल वर्मा (IANS)
author img

By ETV Bharat Entertainment Team

Published : May 6, 2026 at 5:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने सियासी माहौल को पूरी तरह बदल दिया है. जहां भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटें जीतकर साफ तौर पर बहुमत हासिल किया, वहीं तृणमूल कांग्रेस को 15 साल की सत्ता के बाद महज 80 सीटों पर सिमटना पड़ा. लेकिन हार के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है, जिससे सियासी विवाद और गहरा गया है. अब इस पूरे घटनाक्रम पर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

राम गोपाल वर्मा ने कहा कि इतने सालों की राजनीति और 15 साल मुख्यमंत्री रहने के बाद भी ममता बनर्जी का इस तरह संस्थाओं पर सवाल उठाना चौंकाने वाला है. उनके अनुसार, लोकतंत्र की मूल भावना संस्थाओं पर टिकी होती है और उन पर हमला करना लोकतंत्र पर हमला करने जैसा है.

बुधवार, 6 मई को राम गोपाल वर्मा ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर ममता बनर्जी के दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है, 'राजनीति में इतने दशकों और सीएम के तौर पर 15 साल बिताने के बाद, मुझे यकीन नहीं हो रहा कि ममता इस बात को नजरअंदाज कर रही हैं कि लोकतंत्र के डीएनए में ही संस्थाएं होती हैं, और उन पर हमला करना असल में लोकतंत्र पर हमला करने जैसा है.'

ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों को सिरे से खारिज करते हुए इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया और भारतीय जनता पार्टी पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को 'लूटने' का आरोप लगाया है. उन्होंने साफ कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगी और नैतिक रूप से उनकी ही जीत हुई है.

ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि मतगणना के दौरान उनके साथ बदसलूकी हुई और निगरानी कैमरों को जानबूझकर बंद कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अब वह एक स्वतंत्र व्यक्ति के रूप में जनता की सेवा जारी रखेंगी और विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने का काम करेंगी.

इधर, तमिलनाडु की राजनीति को लेकर भी राम गोपाल वर्मा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने थलपति विजय की जीत पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें विजय का बचपना नजर आ रहा हैं. राम गोपाल वर्मा ने कहा कि करुणानिधि ने शायद कभी सोचा भी नहीं होगा कि पीछे खड़ा वह बच्चा एक दिन उनकी पार्टी को खत्म कर देगा.

राम गोपाल वर्मा अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं और उनके ये ताजा राजनीतिक विचार भी तेजी से चर्चा में हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बावजूद सियासी टकराव अभी भी जारी है.

यह भी पढ़ें: