Pradeep Rawat Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए प्रदीप रावत, आमिर खान ने नम आंखों से दी 'लगान' को-स्टार को अंतिम विदाई
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान अपने को-स्टार प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार में शामिल हुए हैं.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : August 5, 2026 at 8:16 PM IST
हैदराबाद: जाने-माने एक्टर प्रदीप रावत का मंगलवार को ब्लड कैंसर से जूझने के बाद निधन हो गया. वे 74 साल के थे. उनका अंतिम संस्कार 5 अगस्त को हुआ. उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए 'लगान' फिल्म में उनके साथ काम करने वाले कलाकार अंतिम संस्कार में शामिल हुए. एक्टर आमिर खान शोक व्यक्त करने के लिए श्मशान घाट पहुंचे.
आमिर खान, यशपाल शर्मा, दया शंकर पांडे, राजेंद्र गुप्ता और फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर सहित लगान टीम ने बुधवार शाम को अनुभवी अभिनेता प्रदीप सिंह रावत के अंतिम संस्कार में भाग लिया.
ऑरेंज टी-शर्ट और ब्लैक कैप पहने हुए, एक्टर ने सादगी बनाए रखी और परिवार के सदस्यों व फिल्म इंडस्ट्री के साथियों के साथ मिलकर दिवंगत अनुभवी एक्टर को भावुक विदाई दी. श्मशान घाट में जाते समय एक्टर काफी उदास और गंभीर दिख रहे थे.
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के अनुसार, 'लगान' में देवा सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले प्रदीप सिंह रावत को आखिरी विदाई देते समय वे सभी भावुक दिखे. आमिर ने प्रदीप के परिवार वालों से भी मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं जाहिर कीं.
अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद, कई कलाकारों ने एएनआई से बात की, प्रदीप को श्रद्धांजलि दी और उनके साथ बिताए पलों को याद किया. यशपाल शर्मा ने कहा, 'मेरे पास शब्द नहीं हैं. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे. वे हमेशा हमारी यादों में जिंदा रहेंगे.'
प्रदीप के निधन पर दुख जताते हुए फिल्ममेकर अशोक पंडित ने कहा, 'प्रदीप रावत एक बेहतरीन इंसान और शानदार एक्टर थे. उनके जाने से हमारी इंडस्ट्री को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है. उनका आत्मविश्वास, सकारात्मकता और भरपूर ऊर्जा उन्हें सबसे अलग बनाती थी. उन्होंने कभी नहीं बताया कि उन्हें कैंसर था. असल में, हमारी बात बस तीन-चार महीने पहले ही हुई थी, इसलिए यह जानकर बहुत बड़ा झटका लगा कि वह इस बीमारी से जूझ रहे थे.'
मुंबई में एक्टर के अंतिम संस्कार के दौरान प्रदीप रावत के बेटे विक्रमदित्य भावुक हो गए और उन्होंने एक्टर के निधन से पहले के दुखद आखिरी पलों को याद किया. उन्होंने बताया कि एक्टर का प्लेटलेट काउंट बहुत तेजी से गिर गया था और उस पल का जिक्र किया जब वे भागकर आईसीयू पहुंचे थे.
प्रदीप अपने पीछे अपनी पत्नी कल्याणी रावत और बेटे विक्रमादित्य रावत को छोड़ गए हैं. भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरे, एक्टर प्रदीप रावत हिंदी, तेलुगु और तमिल सिनेमा में अपने काम के लिए पहचाने जाते थे. दर्शक 'सरफरोश', 'लगान', 'सये' (तेलुगु), 'नायक' (तेलुगु) और 'गजनी' जैसी फिल्मों में उनके काम को याद करते हैं. दिवंगत एक्टर का हालिया काम विक्की कौशल स्टारर 'छावा' था, समें उन्होंने येसाजी कंक का किरदार निभाया था.

