नूपुर सेनन की शादी के लिए उदयपुर पहुंचा परिवार, कृति सेनन भी आई नजर, ये रहेगा वैवाहिक कार्यक्रम
नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन की शादी के कार्यक्रम 9 जनवरी से शुरू हो जाएंगे.

Published : January 7, 2026 at 10:43 PM IST
उदयपुर: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की छोटी बहन नूपुर सेनन की शादी उदयपुर में आयोजित होगी. इस शादी के लिए सेनन परिवार बुधवार को झीलों की नगरी पहुंचा. डबोक एयरपोर्ट पर सेनन परिवार के पहुंचते ही पारंपरिक अंदाज में स्वागत हुआ. कृति सेनन, नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस भी मौजूद रहे.
राजस्थानी संस्कृति की मिलेगी झलक: नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन की शादी 11 जनवरी को उदयपुर के लग्जरी होटल फेयरमोंट पैलेस में संपन्न होगी. शादी से जुड़े कार्यक्रम 9 जनवरी से शुरू हो जाएंगे, जिनमें मेहंदी, संगीत और अन्य रस्में शामिल होंगी. बताया जा रहा है कि शादी पूरी तरह रॉयल थीम पर आयोजित की जा रही है, जिसमें पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी. शादी समारोह को बेहद निजी रखा गया है. इसमें केवल परिवार के करीबी सदस्य और चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे. फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री से भी गिने-चुने मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है. शादी स्थल और आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और निजी बना रहे.
सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी जानकारी: नूपुर सेनन ने 3 जनवरी को सोशल मीडिया पर सिंगर स्टेबिन बेन के साथ अपनी सगाई की आधिकारिक घोषणा की थी. उन्होंने खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था. इस घोषणा के बाद कृति सेनन ने भी एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपनी बहन के लिए प्यार और खुशी जाहिर की थी, जो फैंस के बीच काफी वायरल हुई.
मुंबई में होगा भव्य रिसेप्शन: उदयपुर में शादी के बाद इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाएगा. यह रिसेप्शन 13 जनवरी को होगा, जिसमें बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई नामी चेहरे शामिल हो सकते हैं. सेनन परिवार की यह शादी इन दिनों मनोरंजन जगत और फैंस के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है.

