50 लाख बजट, 'धुरंधर' से ज्यादा कमाया मुनाफा, कल हिंदी में रिलीज होगी ये पहली 100 करोड़ी गुजराती फिल्म
यह एक गुजराती फिल्म है, जो अक्टूबर 2025 में रिलीज हुई थी और अब हिंदी में रिलीज होने जा रही है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : January 8, 2026 at 5:05 PM IST
हैदराबाद: इंडियन सिनेमा में अब छोटे बजट की फिल्में बड़ा धमाका कर रही हैं. बीते साल 2025 में एक नहीं बल्कि कई छोटे बजट की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस हिला डाला था. इसमें एक गुजराती फिल्म भी शामिल है. अक्टूबर 2025 को दिवाली वीक में रिलीज हुई फिल्म ने वर्ल्डवाइड अपना जलवा दिखाया. महज 50 लाख रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है. फिल्म वर्ल्डवाइड फेम पाने के बाद अब हिंदी में रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म का हिंदी ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है, जो किसी के भी रोंगटे खड़े कर सकता है.
फिल्म की कहानी
रीवा रछ, श्रुहद गोस्वामी, करण जोशी, मिस्टी कदेचा, अंशु जोशी, किन्नल नायक, पारुल राज्यगुरु, जयदीप तिमन्यिआ स्टारर फिल्म लाला-कृष्णा सदा सहायते एक गुजराती डिवोशनल ड्रामा फिल्म है. फिल्म की कहानी में एक रिक्शा ड्राइवर एक फार्महाउस में फंस जाता है. वह अपने अतीत के बुराईयों का सामना करता है, यहां उसे भगवान कृष्ण के दर्शन होते हैं, जो उसे आत्म-खोज और मुसीबत से बाहर निकलने की एक परिवर्तनकारी यात्रा के माध्यम से मार्गदर्शन करते हैं. इस फिल्म की कहानी क्रुशंश वाजा, विक्की पूर्णिमा और अंकित सखिया ने मिलकर लिखी है. फिल्म का डायरेक्शन अंकित सखिया ने ही किया है.
मामूली बजट और मास कलेक्शन
फिल्म ने शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर सफर किया, लेकिन तीसरे हफ्ते के बाद फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ी. पहले इसे स्लीपर हिट का टैग मिला और बाद में यह गुजराती सिनेमा की हाईएस्ट ग्राॉसिंग फिल्म बन गई. वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर सेंचुरी लगाने वाली लालो एकमात्र गुजराती फिल्म है. महज 50 लाख रुपये के बजट में बनी फिल्म ने वर्ल्डवाइड 120 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. लालो ने भारत में नेट 95 करोड़ रुपये का कमाए हैं और ओवरसीज में 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. मुनाफे के मामले में लालो रणवीर सिंह की धुरंधर से कई आगे निकल चुकी है. अब फिल्म हिंदी में रिलीज होने जा रही है.
हिंदी में कब रिलीज होगी
अब लालो कल यानी 9 जनवरी को हिंदी भाषा में रिलीज होने जा रही है. बॉक्स ऑफिस पर लालो को धुरंधर और प्रभास की द राजा साब से टक्कर लेनी पड़ेगी. द राजा साब ने एडवांस बुकिंग में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं और धुरंधर की कमाई रुकने का नाम नहीं ले रही है.

