JLF 2026 : जीनत अमान बोलीं- जिंदगी की यादों पर लिखूंगी किताब
जेएलएफ के पहले दिन लेखक अमन नाथ की पहली पोएट्री कलेक्शन 'ओल्डर, बोल्डर' का विमोचन अभिनेत्री जीनत अमान ने किया.

Published : January 15, 2026 at 10:33 PM IST
जयपुर: राजस्थान में जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (JLF) के पहले दिन दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम को खास बना दिया. फ्रंट लॉन में आयोजित सत्र के दौरान उन्होंने लेखक अमन नाथ की पहली पोएट्री कलेक्शन 'ओल्डर, बोल्डर' का विमोचन किया. इस अवसर पर जीनत अमान ने न केवल किताब की सराहना की, बल्कि अपनी जिंदगी से जुड़ी कई भावनात्मक बातें भी साझा कीं.
कार्यक्रम के दौरान टीमवर्क आर्ट के संस्थापक संजॉय के रॉय के सवाल पर जीनत अमान ने कहा कि वे अपने जीवन के अनुभवों और यादों पर आधारित एक किताब लिखने पर विचार कर रही हैं. उन्होंने कहा कि वे अपनी जिंदगी के हर दिन को पूरी तरह जीती हैं, चाहे वह स्पॉटलाइट में हो या उससे दूर. जीनत अमान ने बताया कि बगीचे में खिलते फूलों को देखना भी उन्हें उतनी ही खुशी देता है, जितनी रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों से मिलती है.
जिंदगी की यादों पर लिखेंगी किताब : संवाद के दौरान जीनत अमान ने दर्शकों से यह भी पूछा कि क्या उन्हें किताब लिखनी चाहिए. दर्शकों की जोरदार हूटिंग और उत्साह के बीच उन्होंने कहा कि वे अपनी आत्मकथा लिखना जरूर चाहेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि हमें हर दिन के लिए आभार व्यक्त करना चाहिए और जीवन के हर पल को संजोकर रखना चाहिए.
पढ़ें : JLF 2026 : जावेद अख्तर बोले- सेकुलरिज्म का क्रैश कोर्स नहीं, अमेरिका और वेनेजुएला पर कही बड़ी बात
अमन नाथ की किताब की तारीफ करते हुए जीनत अमान ने कहा कि 'ओल्डर, बोल्डर' में हर उम्र और हर वर्ग के पाठकों के लिए कुछ न कुछ खास है. उन्होंने कहा कि चाहे पाठक टीनएजर हों, 20, 30 या 40 की उम्र के हों या फिर जेन-जी और मिलेनियल पीढ़ी से हों. इस कविता संग्रह में हर कोई अपने लिए कुछ न कुछ जरूर पाएगा.
पढ़ें : JLF 2026 : सीएम भजनलाल बोले- लिस्टफेस्ट विचारों का महासमर, दीया कुमारी और पायलट बने आगाज के गवाह
अमन नाथ ने भी रखी बात : वहीं, लेखक अमन नाथ ने अपनी किताब के शीर्षक पर बात करते हुए कहा कि वे खुद को कभी पूरी तरह परिपक्व नहीं मानते और इसी पल को जीने में विश्वास रखते हैं. उन्होंने खुद को विद्रोही स्वभाव का भी बताया और कहा कि उनकी कविताएं जीवन के अनुभवों और भावनाओं की सच्ची अभिव्यक्ति है.

