Hanuman Ansh Vs Toxic: 'हनुमान अंश' के आगे ढेर 'टॉक्सिक', 26वें दिन यश की फिल्म से की ज्यादा कमाई
यश की 'टॉक्सिक' का अनुमानित बजट 700 करोड़ रुपये है और जबकि 'हनुमान अंश' महज 2 से 3 करोड़ रु के अंदर बनी है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : September 2, 2026 at 11:50 AM IST
हैदराबाद: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त दो फिल्में हनुमान अंश और टॉक्सिक की चर्चा हो रही है. हनुमान अंश एक मामूली बजट की फिल्म है, तो टॉक्सिक का भारी-भरकम बजट सुन अच्छे-अच्छों के कान खड़े हो जाएं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि मुनाफे में हनुमान अंश ने ना सिर्फ टॉक्सिक बल्कि कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. वहीं, हनुमान अंश ने अपने मंगलवार (26वें दिन) के कलेक्शन से टॉक्सिक को पछाड़ दिया है. हनुमान अंश अपनी रिलीज का एक महीना पूरा करने की ओर बढ़ रही है, लेकिन इसकी पॉपुलैरिटी दिन ब दिन बढ़ती जा रही है. इधर, टॉक्सिक अपनी रिलीज का एक हफ्ता पूरा कर चुकी है. चलिए जानते हैं हनुमान अंश और टॉक्सिक ने मंगलवार को कितना-कितना कलेक्शन किया है.
हनुमान अंश ने दी टॉक्सिक को टक्कर
सैकनिल्क के अनुसार, हनुमान अंश ने 26वें दिन (मंगलवार) को 8.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि टॉक्सिक सातवें दिन सिर्फ 7.85 करोड़ रुपये ही कमा पाई. हनुमान अंश ने 25वें दिन 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं, 26वें दिन इसकी कमाई में 54.55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई. तकरीबन 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार चुकी है. सैकनिल्क के अनुसार हनुमान अंश 26 दिनों में इंडियन बॉक्स ऑफिस पर नेट 54.13 करोड़ रुपये कमा चुकी है. वहीं, इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 63.82 करोड़ रुपये का है. आपको बता दें, हनुमान अंश ने महज 10 लाख रुपये से खाता खोला था.
टॉक्सिक की घट रही कमाई
दूसरी तरफ तकरीबन 700 करोड़़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हुई यश स्टारर फिल्म टॉक्सिक ने वर्ल्डवाइड 150 करोड़ रुपये से खाता खोला था. भारत में टॉक्सिक ने 101.10 करोड़ रुपये से ओपनिंग ली थी. इसके बाद टॉक्सिक की कमाई में दिन ब दिन बढ़ी गिरावट दर्ज की गई. सैकनिल्क के अनुसार, भारत में टॉक्सिक का नेट कलेक्शन 229.60 करोड़ रुपये, ग्रॉस कलेक्शन 274.25 करोड़ रुपये, ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 40.75 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 315 करोड़ रुपये है. टॉक्सिक आज 2 सितंबर को अपनी रिलीज के आठवें दिन में आ गई है.

