धर्मेंद्र की इस फिल्म ने 'शोले' संग किया था बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 3.30 रु था टिकट, बजट से की थी 6 गुना ज्यादा कमाई
धर्मेंद्र की यह फिल्म साल 1975 में रिलीज हुई थी और यह फिल्म शोले नहीं है, बल्कि शोले से पहले रिलीज हुई थी.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : November 24, 2025 at 2:59 PM IST
हैदराबाद: धर्मेंद्र का आज 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया है. दिग्गज अभिनेता के अंतिम संस्कार में पूरा बॉलीवुड उमड़ चुका है. इसमें धर्मेंद्र की पूरी फैमिली के साथ-साथ अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और आमिर खान समेत कई स्टार्स श्मशान घाट पहुंच चुके हैं. 6 दशक तक हिंदी सिनेमा पर राज करने वाले एक्टर धर्मेंद्र की हिट लिस्ट बहुत लंबी है और एक्टर ने पुराने दौर की तकरीबन सभी एक्ट्रेस संग सिल्वर स्क्रीन पर रोमांस किया था. अपनी फिल्मों से दर्शकों को हंसाने वाले धर्मेंद्र आज उनकी आंखों में आंसू छोड़ गए हैं. धर्मेंद्र ने अपने छह दशक के फिल्मी करियर में रोमांटिक से लेकर एक्शन और कॉमेडी फिल्में की थी. बात करेंगे एक्टर उस फिल्म की जिसने अपने बजट से तकरीबन 7 गुना कमाई की थी और उस फिल्म की टिकट की भी झलक देखेंगे.
धर्मेंद्र की 50 साल पुरानी फिल्म
हम बात कर रहे हैं धर्मेंद्र की फिल्म प्रतिज्ञा की, जिसमें उनके साथ उनकी पत्नी हेमा मालिनी लीड रोल में थीं. इस फिल्म का गाना 'मैं जट यमला पगला दीवाना' आज भी शादी-पार्टियों में बजता है. धर्मेंद्र की फिल्म प्रतिज्ञा का निर्देशन दुलाल गुहा ने किया था. प्रतिज्ञा 23 जून 1975 को रिलीज हुई थी, जिसमें धर्मेंद्र ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब रुलाया था. इस बीच फिल्म का टिकट सामने आया है, जिसमें इसका दाम बहुत कम दिख रहा है.
Sunday spent well with rare poster of Kalinga , now sharing a rare ticket of one of my most favourite film of Dharam paji ❤️❤️.
— LegendDeols (@LegendDeols) November 23, 2025
Pratiggya with @dreamgirlhema .@bobbytalkcinema @upalakbr999 @navneet_mundhra @TheDeolsFC pic.twitter.com/uYPlIHJndV
टिकट का दाम देख चौंक जाएंगे
सोशल मीडिया पर फिल्म प्रतिज्ञा का टिकट वायरल हो रहा है, जो कि गंगा थिएटर का है. फिल्म 23 जून 1975 को रिलीज हुई थी और यह टिकट 5 अक्टूबर 1975 का है, इससे पता चलता है कि फिल्म चार से पांच महीनों तक थिएटर पर टिकी रही. वहीं, शोले 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई थी. शोले की रिलीज के बीच भी फिल्म प्रतिज्ञा की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ा था. उस वक्त फिल्म प्रतिज्ञा का टिकट महज 3.30 रुपये थे, जिसका नेट रेट 1.42 रुपये और टैक्स 1.58 व सरचार्ज 0.31 रुपये लगाकर कुल रेट 3.30 रुपये था. प्रतिज्ञा 1 करोड़ रुपये में बनी थी. फिल्म ने भारत में 3.50 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 6.87 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इस बीच शोले भी थिएटर में मोटा कारोबार कर रही थी.

