ETV Bharat / entertainment

Delhi Malviya Nagar Hotel Fire: घटना में 21 की मौत पर आया सेलेब्स काे रिएक्शन, घायलों के लिए मांगी दुआ

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जिसपर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोगों की प्रतिक्रिया आई है.

celebs on Delhi malviya nagar hotel fire
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुई घटना पर सितारों की प्रतिक्रिया (IANS)
author img

By ETV Bharat Entertainment Team

Published : June 3, 2026 at 7:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला होटल-कम-रेस्तरां की बिल्डिंग में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए. बताया जा रहा है कि अब तक 40 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. इन घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इस भयानक घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, कई मशहूर हस्तियों ने उन परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के लिए प्रार्थना की है.

स्मृति ईरानी
टीवी एक्ट्रेस से राजनेता बनीं स्मृति ईरानी ने इस घटना पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर घटना को लेकर पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, 'नई दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में आग लगने की दुखद घटना के बारे में जानकर दुख हुआ. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूं.'

चिन्मयी श्रीपदा
सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने अपने एक्स हैंडल पर इस भयानक हादसे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें मालवीय नगर में लगी आग का दृश्य दिखाया गया है. इसे रीपोस्ट करते हुए सिंगर ने कैप्शन में लिखा, 'रेस्टोरेंट में आग लगने से मारे गए लोगों में से कई विदेशी हैं. इस बात की अच्छी संभावना है कि इस केस को ठीक से निपटाया जाएगा, सिर्फ इसलिए.'

अरुण गोविल
'रामायण' फेम एक्टर-सांसद अरुण गोविल ने भीषण आग में 21 लोगों की जान जाने पर शोक व्यक्त किया. एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा है, मालवीय नगर, दिल्ली स्थित होटल में हुई भीषण आगजनी की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.'

मृतकों की आत्म की शांति और घायलों के लिए प्रार्थना करते हुए उन्होंने आगे लिखा है, 'प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.'

मनोज तिवारी
एक्टर, गायक और राजनेता मनोज तिवारी घायलों के लिए प्रार्थना करते हुए लिखते हैं, 'दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने का भीषण हादसा.. एक रेस्टोरेंट में लगी है आग.. एजेंसीयां राहत कार्य में जुटीं हैं, मगर बहुत ही दर्दनाक हादसा.. ईश्वर घायलों की रक्षा करें.'

पीएम का आर्थिक सहायता का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया और पीड़ितों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का एलान किया है. एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में पीएम ने कहा कि अधिकारी आग से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं.

उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का एलान किया है, जबकि इस घटना में घायल हुए लोगों को आर्थिक सहायता के रूप में 50,000 रुपये मिलेंगे.

यह भी पढ़ें: