ETV Bharat / entertainment

उदित नारायण के खिलाफ थाने में शिकाकत, पहली पत्नी ने लगाया गर्भाशय निकलवाने का आरोप

उदित नारायण की पहली पत्नी ने महिला थाना में आवेदन दिया है. शादी के बाद धोखा और जबरन ऑपरेशन का आरोप लगाया है. पढ़ें खबर

UDIT NARAYAN
उदित नारायण (ANI)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 11, 2026 at 1:37 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सुपौल : पार्श्व गायक उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना नारायण ने सुपौल के महिला थाना में आवेदन दिया है. आवेदिका रंजना नारायण झा ने अपने पति, देवर समेत अन्य पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. मामला विवाह के बाद धोखा, चिकित्सकीय प्रक्रिया के नाम पर गंभीर अनियमितता तथा वर्षों तक मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना से जुड़ा बताया गया है.

'1984 में हमारी शादी हुई थी' : आवेदन में रंजना झा ने बताया है कि उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उदित नारायण झा उर्फ उदित नारायण के साथ संपन्न हुई थी. शादी के बाद वर्ष 1985 में उनके पति पार्श्व गायन के क्षेत्र में करियर बनाने मुंबई चले गये. इसी दौरान उनके पति द्वारा दीपा नामक महिला से विवाह कर लेने की जानकारी उन्हें काफी समय बाद मीडिया के माध्यम से मिली.

Ranjana Jha Udit Narayan Wife
अपने वकील के साथ महिला थाना पहुंची रंजना नारायण झा (ETV Bharat)

'धोखे से निकाला गया गर्भाशय' : पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इस विषय में पति से सवाल किया, तो उन्हें वर्षों तक गुमराह किया जाता रहा. आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि वर्ष 1996 में इलाज के नाम पर उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां कथित रूप से एक बड़े अस्पताल में बिना उनकी जानकारी और सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया.

किन्हें बनाया गया है आरोपी? : इस कथित घटना में पति उदित नारायण झा, उनके भाई संजय कुमार झा (निवासी वीरपुर वार्ड संख्या 4) एवं ललित नारायण झा की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है. आवेदिका का दावा है कि इस ऑपरेशन की वास्तविक सच्चाई उन्हें वर्ष 2025 में इलाज के दौरान पता चली.

'आपराधिक षड्यंत्र के तहत सबकुछ हुआ' : आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दिल्ली में ऑपरेशन के दौरान दीपा नारायण नाम की महिला भी मौजूद थी, जिसके बारे में बाद में जानकारी मिली कि उसी महिला के साथ उनके पति का संबंध है. पीड़िता के अनुसार, इस संबंध से एक पुत्र आदित्य नारायण का जन्म हुआ है. महिला ने आरोप लगाया है कि यह पूरा कृत्य आपराधिक षड्यंत्र के तहत किया गया.

''मुझे वर्षों तक दांपत्य जीवन से अलग रखा गया. वर्ष 2006 में जब मैं मुंबई गईं, तो उदित नारायण झा एवं दीपा नारायण द्वारा गाली-गलौज कर घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया. इसके बाद मुझे अपने मूल गांव ग्राम भारदह, पोस्ट मधवापुर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा.''- रंजना झा, उदित नारायण की पहली पत्नी

मामले की जांच की जायेगी- पुलिस : पीड़िता ने महिला थाना अध्यक्ष से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है. इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष अंजू तिवारी ने बताया कि ''आवेदन प्राप्त कर लिया गया है. मामले की जांच की जायेगी. उसके बाद केस दर्ज किया जायेगा. मामला काफी पुराना है.''

ये भी पढ़ें :-

उदित नारायण बोले केस लड़ेंगे, पत्नी ने कहा -'मुंबई जाती हूं तो गुंडे लगा देते हैं'

गायक उदित नारायण पर फैमिली कोर्ट ने लगाया 10 रुपये का जुर्माना, जानें पूरा मामला

'मेरे बस में नहीं मेरा मन...', लाइव कॉन्सर्ट में फीमेल फैन को Lip Kiss करने के बाद देखें उदित नारायण का रिएक्शन

WATCH: उदित नारायण ने लाइव कॉन्सर्ट में फिर किया फीमेल फैन को होठों पर KISS, मचा बवाल, देखें वीडियो