ETV Bharat / entertainment

'बॉर्डर - 2' सॉन्ग लॉन्च इवेंट पर सनी देओल हुए इमोशनल, पिता धर्मेंद्र को किया याद

फिल्म 'बॉर्डर 2' के गाने के वीडियो लॉन्च इवेंट के दौरान सनी देओल काफी भावुक नजर आए. उन्होंने पिता धर्मेंद्र से जुड़ी बात साझा की.

जैसलमेर में लॉन्च हुआ 'बॉर्डर-2' का गाना
जैसलमेर में लॉन्च हुआ 'बॉर्डर-2' का गाना (फोटो ईटीवी भारत जैसलमेर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 3, 2026 at 8:05 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जैसलमेर: भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र तनोट माता मंदिर परिसर में शुक्रवार को फिल्म ‘बॉर्डर-2’ के बहुप्रतीक्षित देशभक्ति गीत ‘घर कब आओगे’ का भव्य वीडियो लॉन्च किया गया. इस ऐतिहासिक मौके पर पूरा सीमावर्ती इलाका देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और भारत माता की जयकारों से वातावरण गूंज उठा. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिनेता सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र को याद किया. उन्होंने कहा कि जब वे अभिनेता बने थे, तब उन्होंने तय किया था कि वे भी अपने पिता की तरह देशभक्ति से जुड़ी फिल्में करेंगे. सनी देओल ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उनकी फिल्मों से प्रेरित होकर युवा सेना में भर्ती होने का निर्णय लेंगे. उन्होंने कहा कि इस समय वे ज्यादा कुछ बोल नहीं पा रहे हैं.

पिता धर्मेंद्र को यादकर हुए भावुक : बॉर्डर 2 के गाने के लॉन्चिंग के वक्त बॉलीवुड स्टार सनी देओल ने बीएसएफ के जवानों को संबोधित किया. इस दौरान वह भावुक भी हो गए. उन्होंने बीएसएफ के जवानों से कहा कि मैं भी आपके परिवार का हिस्सा ही हूं. पिता धर्मेंद्र को याद करते हुए उन्होंने एक किस्सा सुनाया कि कैसे उन्होंने जेपी दत्ता की मूवी की थी और कैसे कई नौजवानों ने फिल्म के बाद भारतीय सेना जॉइन की थी. सनी देओल ने इवेंट में बताया, 'मैंने बॉर्डर की थी क्योंकि जब मैंने अपने पापा की फिल्म हकीकत देखी थी, वो मुझे बहुत प्यारी लगी थी. तब मैं बहुत छोटा था. जब मैं एक्टर बन गया, तब मैंने तय किया कि मैं भी पापा जैसे एक फिल्म करूंगा. जेपी दत्ता साहब के साथ मैंने बात की, और हम दोनों ने फैसला किया कि हम इस सब्जेक्ट पर एक फिल्म बनाएंगे, जो बहुत ही प्यारा है और आप सब के दिलों में बसा हुआ है.'

सनी देओल ने याद की पापा की फिल्म हकीकत (वीडियो ईटीवी भारत जैसलमेर)

इसे भी पढ़ें: 'बॉर्डर 2': 'एक इमोशन, एक नेशन, एक क्वेश्चन- घर कब आओगे', ऑडियो के बाद रिलीज हुआ 'संदेशे आते हैं' का रीमेक वीडियो सॉन्ग

वरुण धवन ने कही ये बात : अभिनेता वरुण धवन ने 1971 के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि भारत शांति और अमन में विश्वास रखने वाला देश है, लेकिन ‘बॉर्डर’ जैसी फिल्मों का बनना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में देश के युवाओं में आत्मविश्वास जगाती हैं और यह संदेश देती हैं कि भारत हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम है. तनोट माता मंदिर के सामने बने ऑडिटोरियम में आतिशबाजी के साथ गीत का आधिकारिक अनावरण किया गया. इस अवसर पर बीएसएफ के जवानों ने सनी देओल को मोमेंटो देकर सम्मानित किया. जवानों ने मार्च पास्ट कर कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया, जिससे माहौल और अधिक गर्वपूर्ण हो गया. वहीं मंच पर बीएसएफ जवानों ने सोनू निगम का भी सम्मान किया.

निधि दत्ता ने कही ये बड़ी बात : कार्यक्रम के अंत में निधि दत्ता ने गीत के बनने की भावनात्मक कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि 1971 के लोंगेवाला युद्ध से जुड़ी यह कहानी उनके परिवार से वर्षों से जुड़ी हुई है. युद्ध के दौरान उनकी दादी रेडियो के पास बैठकर खबरें सुनती थीं और हर बार यही कहती थीं “मेरा बेटा घर आएगा” यही भावना आगे चलकर इस अमर गीत की प्रेरणा बनी.

इसे भी पढ़ें: भारत-पाक सीमा पर 'बॉर्डर 2' का पहला गाना, सनी देओल के साथ पूरी टीम मौजूद

कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी बीएसएफ की जिप्सी में बैठकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. उनके साथ गायक सोनू निगम, निर्माता भूषण कुमार और फिल्म निर्माता जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता भी मौजूद रहीं. कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की जय के उदघोष के साथ हुई, जिससे जवानों और मौजूद दर्शकों में जोश भर गया.

'घर कब आओगे' का वीडियो लॉन्च इवेंट
'घर कब आओगे' का वीडियो लॉन्च इवेंट (फोटो ईटीवी भारत जैसलमेर)

गीत लॉन्च से पहले स्थानीय लोक कलाकारों ने राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुति दी. विभिन्न लोक गीतों के साथ ‘केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश’ की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया. इसके बाद बड़ी स्क्रीन पर ‘घर कब आओगे’ गीत का वीडियो दिखाया गया. देशभक्ति और विरह की भावना से ओतप्रोत इस गीत को देखकर बीएसएफ के कई जवान भावुक हो उठे. 'बॉर्डर-2' मूवी आगामी 23 जनवरी को रिलीज होगी. यह फिल्म साल 1997 की फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल है. बॉर्डर फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध की लोंगेवाला लड़ाई पर आधारित थी.