'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज डेट का एलान, बॉक्स ऑफिस पर होगा कंगना रनौत वर्सेज दिलजीत दोसांझ
कंगना रनौत ने अपनी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज डेट का एलान किया है. यह बॉक्स ऑफिस पर दिलजीत दोसांझ की फिल्म से भिड़ेगी.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : May 6, 2026 at 4:01 PM IST
हैदराबाद: एक्ट्रेस-पॉलिटिशियन कंगना रनौत ने अपनी आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का एलान किया है. सका एक शानदार पोस्टर भी जारी किया, जिस पर फिल्म की ऑफिशियल रिलीज का खुलासा किया गया है. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पंजाबी एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' से क्लैश होगी.
कंगना रनौत ने 'भारत भाग्य विधाता' का नया पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा किया. पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'आम लोगों की असाधारण कहानी, उस रात की कहानी, जब इंसानियत डर से कहीं ज्यादा बड़ी साबित हुई. जब जिम्मेदारी ही बलिदान बन गई. जब एकता ही फर्ज बन गई और हिम्मत ने जानें बचाईं. भारत के असली नायकों की अनकही कहानी.'
'भारत भाग्य विधाता' समाज के उन सच्चे, गुमनाम नायकों के सामूहिक कर्तव्य की कहानी है, जो सब एक साथ आए और अपनी रोजमर्रा की जिम्मेदारियों को बलिदान में, और बलिदान को राष्ट्र-सेवा में बदल दिया. नर्सें, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड और प्रशासनिक कर्मचारी, ये सभी मरीजों को सुरक्षित रखने के एक असाधारण प्रयास का हिस्सा बने.
सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म अस्पताल के उन कर्मचारियों की कहानी बताती है, जिन्होंने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान 400 लोगों की जान बचाई थी. फिल्म के मेकर्स ने बुधवार को बताया कि यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. पोस्टर पर मुंबई पर हमला और मुंबई के अस्पताल हाई अलर्ट पर जैसी बड़ी-बड़ी हेडलाइंस लिखी हुई हैं.
'भारत भाग्य विधाता' का निर्माण पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशन्स द्वारा यूनोइया फिल्म्स एलएलपी और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया गया है. कंगना के साथ, इस फिल्म में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे कलाकार हैं.
'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को रिलीज होगी, जिसकी टक्कर दिलजीत दोसांझ की फिल्म मैं वापस आऊंगा से होगी, जिसे इम्तियाज अली ने डायरेक्ट किया है और जिसमें वेदांग रैना और शरवरी लीड रोल में हैं.

