इमरान हाशमी के फैंस को ज्यादा नहीं करना होगा इंतजार, 'आवारापन 2' के ट्रेलर की रिलीज डेट का हुआ एलान
इमरान हाशमी ने 'आवारापन 2' के ट्रेलर का एलान किया है. यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : August 5, 2026 at 6:43 PM IST
हैदराबाद: इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' के थिएटिकल रिलीज को बस कुछ ही दिन बाकी है. हालांकि कुछ दिनों से अफवाहें उड़ रही थी कि सनी देओल की फिल्म 'बटवारा 1947' से बचने के लिए आवारापन 2 के मेकर्स फिल्म को पोस्टपोन करने का प्लान कर रहे हैं. लेकिन आज, 5 अगस्त को मेकर्स ने फिल्म की रिलीज से जुड़ी अफवाहों पर रोक लगा दी है. प्रोड्यूसर विशेष भट्ट और लीड एक्टर इमरान हाशमी ने अब पुष्टि कर दी है कि फिल्म तय तारीख के अनुसार ही सिनेमाघरों में आएगी.
बुधवार को विशेष फ़िल्म्स ने इंस्टाग्राम पर आवारापन 2 का एक प्रोमो वीडियो अपलोड किया और फैंस को ट्रेलर और थिएटिकल रिलीज के बारे में जानकारी दी. मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में ट्रेलर की रिलीज डेट और टाइम के बारे में बताते हुए लिखा, 'कल सुबह 11:11. शिवम रिटर्न्स. आवारापन 2 ट्रेलर. आवारापन 2 सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को.'
इससे पहले इंस्टाग्राम लाइव के दौरान प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बारे में बात की. उन्होंने साफ किया कि 'आवारापन 2' की रिलीज डेट घोषित होने के बाद इसे कभी भी टाला नहीं गया है. उन्होंने बताया कि ऐसी खबरें पूरी तरह से झूठी हैं जिनमें कहा गया था कि फिल्म को सितंबर तक के लिए टाल दिया गया है. ये खबरें बिना पुष्टि किए गए स्रोतों से आई थीं.
विशेष भट्ट ने यह भी कहा कि विशेष फिल्म्स अपनी फिल्मों की रिलीज में देरी करने के लिए नहीं जानी जाती है और उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि फ़िल्म इंडिपेंडेंस डे वीकेंड पर रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
नितिन कक्कड़ की निर्देशित, 'आवारापन 2' में इमरान हाशमी शिवम पंडित की अपनी प्रतिष्ठित भूमिका को दोहरा रहे हैं. फिल्म में दिशा पटानी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
विशेष फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत, सीक्वल विशेष भट्ट द्वारा निर्मित और बिलाल सिद्दीकी द्वारा लिखित है. संगीत मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक और अखिल सचदेवा ने तैयार किया है. 'आवारापन 2' 14 अगस्त, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.

