Udaipur Royal Wedding : स्टेबिन बेन और नुपूर सेनन 11 जनवरी को लेंगे सात फेरे, 13 को मुंबई में Grand Reception
राजस्थान का उदयपुर एक बार फिर रॉयल वेडिंग को लेकर चर्चा में है. इस बार स्टेबिन और नुपूर एक-दूजे के होने जा रहे हैं.

Published : January 5, 2026 at 3:39 PM IST
उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर भव्य शादी का गवाह बनने जा रहा है, लेकिन इस बार चर्चा किसी अंतरराष्ट्रीय उद्योगपति की नहीं, बल्कि म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की एक चर्चित जोड़ी की है. मशहूर सिंगर स्टेबिन बेन और एक्ट्रेस नुपूर सेनन 11 जनवरी को उदयपुर में सात फेरे लेने जा रहे हैं. इस शादी की खास बात इसका रॉयल लोकेशन होने के बावजूद बेहद निजी रखा जाना है.
एक और शाही शादी : स्टेबिन और नुपूर ने तय किया है कि शादी को पूरी तरह परिवार और बेहद करीबी दोस्तों तक सीमित रखा जाएगा. दोनों ही नहीं चाहते कि यह शादी किसी बड़ी गैदरिंग में बदले. यही वजह है कि उदयपुर में होने वाले समारोह में फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के चुनिंदा नाम ही नजर आएंगे. सुरक्षा-व्यवस्था भी खास तौर पर कड़ी रखी जाएगी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
नुपूर सेनन, जो एक्ट्रेस कृति सेनन की छोटी बहन हैं, ने हाल ही में खुद सोशल मीडिया पर सगाई की तस्वीरें शेयर कर अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था. तस्वीरों के साथ लिखा गया उनका कैप्शन काफी चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे आसान हां बताया. इस मौके पर कृति सेनन का इमोशनल रिएक्शन भी सामने आया, जिन्होंने बहन के लिए प्यार भरा पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि वह इस शादी में खुद को रोने से रोक नहीं पाएंगी.
हालांकि, उदयपुर की शादी पूरी तरह निजी रहेगी, लेकिन इंडस्ट्री के दोस्तों के लिए मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी रखी गई है. यह रिसेप्शन 13 जनवरी को होगा, जहां बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई जाने-माने चेहरे शामिल हो सकते हैं. नुपूर के करियर की बात करें तो उन्होंने 2019 में बी प्राक के सुपरहिट म्यूजिक वीडियो फिलहाल से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार नजर आए थे.
इसके बाद उन्होंने फिलहाल 2 और वेब शो पॉप कौन में काम किया है. तेलुगु सिनेमा में भी वह अपनी पहचान बना चुकी हैं और आने वाले समय में हिंदी फिल्म 'नूरानी चेहरा' से बड़े पर्दे पर नजर आएंगी. वहीं, स्टेबिन बेन म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम है. 2018 से एक्टिव स्टेबिन ने कई बॉलीवुड फिल्मों और एल्बम्स में अपनी आवाज दी है. अब दोनों की यह शाही, लेकिन सादगी भरी शादी उदयपुर को एक बार फिर सुर्खियों में ला रही है.

