ETV Bharat / entertainment

संकल्प के पहले सीन में अ​भिनेत्री रूप दुर्गापाल हुई नर्वस, नाना पाटेकर ने कैमरे के सामने माहौल बनाया सहज

अल्मोड़ा की टीवी अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने नाना पाटेकर के साथ काम के अनुभव को याद किया.

Almora TV actress
फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के साथ रूप दुर्गापाल (फाइल फोटो) (Photo- Actress Roop Durgapal)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : October 9, 2026 at 1:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अल्मोड़ा (उत्तराखंड): भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के अचानक निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है. उत्तराखंड के अल्मोड़ा की मूल निवासी और प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री रूप दुर्गापाल भी इस खबर से गहरे सदमे में हैं. हाल ही में निर्देशक प्रकाश झा की सामाजिक-राजनीतिक वेब सीरीज ‘संकल्प’ में नाना पाटेकर के साथ अहम भूमिका निभाने वाली रूप दुर्गापाल ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए भावुक अनुभव साझा किए.

वर्तमान में मुंबई में शूटिंग कर रहीं रूप दुर्गापाल ने बताया कि नाना पाटेकर के साथ काम करना उनके जीवन के सबसे खूबसूरत, ऐतिहासिक और यादगार अनुभवों में से एक रहा. उन्होंने कहा कि सीरीज में माधुरी के किरदार के रूप में उनका पहला ही दृश्य नाना पाटेकर जैसे दिग्गज कलाकार के साथ था. शुरुआत में वह काफी नर्वस थीं, लेकिन नाना साहब के सहज व्यवहार ने कैमरे के सामने माहौल को इतना सहज बना दिया कि उनकी घबराहट दूर हो गई. रूप ने बताया कि नाना पाटेकर से उन्हें केवल अभिनय की बारीकियां ही नहीं सीखने को मिलीं, बल्कि सादगी के साथ जमीन से जुड़े रहकर जीवन जीने की प्रेरणा भी मिली.

सेट पर उनका व्यवहार सभी सह-कलाकारों और क्रू सदस्यों के प्रति बेहद स्नेहपूर्ण और पिता समान था. वह अपनी महान अभिनय क्षमता के साथ-साथ सरल स्वभाव के लिए भी हमेशा याद किए जाएंगे. अभिनेत्री ने एक खास किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब नाना पाटेकर को पता चला कि उन्हें गायन का भी शौक है, तो उन्होंने उनकी गायकी की खूब तारीफ की थी. साथ ही उन्हें लगातार गाते रहने के लिए प्रोत्साहित किया था.

रूप के मुताबिक, संगीत के प्रति नाना पाटेकर का गहरा लगाव था और उनकी कही बातें आज भी उनके लिए प्रेरणास्रोत हैं. रूप दुर्गापाल ने बताया कि इसी साल अप्रैल में उनकी नाना पाटेकर से आखिरी मुलाकात हुई थी. उन्होंने कहा कि 75 वर्ष की उम्र में भी नाना साहब जिस लगन, मेहनत और ऊर्जा के साथ शूटिंग करते थे, वह युवा कलाकारों के लिए बड़ी सीख थी.

रूप ने कहा कि नाना पाटेकर के जाने से फिल्म जगत ने एक असाधारण अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक नेकदिल और संवेदनशील इंसान भी खो दिया है. उन्होंने दिवंगत अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी यादों को हमेशा संजोकर रखने की बात कही.

पढ़ेंः