कल री-रिलीज होगी 'शोले', अभिषेक बच्चन का सच होगा सालों पुराना सपना, बोले- पहली बार थिएटर में देखूंगा फिल्म
'शोले द फाइनल कट' कल 12 दिसंबर को रिलीज हो रही है. रिलीज से पहले एक्टर अभिषेक बच्चन ने फिल्म पर प्रतिक्रिया दी है.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : December 11, 2025 at 4:24 PM IST
मुंबई: 'शोले द फाइनल कट' 12 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज जा रहा है. इस फिल्म को एक बार फिर से बिना कट के बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक काफी उत्साहित हैं. बिग बी के बेटे और बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन भी इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं. जूनियर बच्चन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करके अपना उत्साह जाहिर किया है.
1975 की क्लासिक फिल्म 'शोले – द फाइनल कट' का पूरी तरह से रिस्टोर किया गया 4K वर्जन बड़े पर्दे पर उसकी पूरी शान के साथ आ रही है. इसे जिंदगी भर का सपना बताते हुए, एक्टर ने अपनी खुशी जाहिर की.
गुरुवार, 11 दिसंबर अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर शोले – द फाइनल कट' का पोस्टर शेयर किया और कैप्शन में लिखा, 'अब तक की सबसे बड़ी कहानी जो कभी नहीं बताई गई. बड़े पर्दे पर शोले को उसकी पूरी शान के साथ देखने का इंतजार नहीं कर सकता. मैंने शोले को कभी बड़े पर्दे पर नहीं देखा, सिर्फ टीवी और वीएचएस/डीवीडी पर देखा है. यह जिंदगी भर का सपना रहा है.'
बता दें कि 'शोले' अब 'शोले – द फाइनल कट' के रूप में सिनेमाघरों में वापस आ रही है, जिसमें ओरिजिनल क्लाइमेक्स और पहले डिलीट किए गए दो सीन शामिल हैं. यह स्पेशल री-रिलीज रमेश सिप्पी की इस मास्टरपीस की 50वीं सालगिरह के मौके पर हो रही है, जिसे भारतीय सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में से एक माना जाता है.
इस रेस्टोरेशन का काफी महत्व है, क्योंकि रमेश सिप्पी की शूट किया गया ओरिजिनल क्लाइमेक्स जिसे इमरजेंसी के दौरान फिल्म की शुरुआती रिलीज से पहले हटा दिया गया था, उसे सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने उसके हिंसक कंटेंट के कारण बैन कर दिया था. यह बहुत ज्यादा चर्चा वाला सीक्वेंस, जिसे कभी भी पब्लिकली नहीं दिखाया गया, उसमें ठाकुर (संजीव कुमार) को नुकीले जूतों से गब्बर सिंह (अमजद खान) को मारते हुए दिखाया गया है.
इससे पहले 2025 में, शोले को 50वें टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में दिखाया गया था. रिस्टोर्ड 4K वर्जन के प्रीमियर में रमेश सिप्पी और एक्टर बॉबी देओल समेत कई लोग मौजूद थे.

