25 साल बाद ऐसी दिखती हैं 'लगान' की 'गोरी मेम' रचेल शेली, वीडियो में शेयर की ढाई दशक पुरानी यादें
आमिर खान के अपोजिट ग्रेसी सिंह और रचेल शेली नजर आई थीं, जो दोनों ही किरदार 'भुवन' से प्यार करती थीं.

By ETV Bharat Entertainment Team
Published : June 15, 2026 at 2:36 PM IST
हैदराबाद: आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की फिल्म लगान आज 15 जून को अपनी रिलीज के ढाई दशक पूरे कर चुकी है. 15 जून 2001 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म लगान हिंदी सिनेमा की एक पहचान बन चुकी है. फिल्म का एक-एक किरदार आज भी लोगों के जहन में आते ही पूरी फिल्म को ताजा कर देती है. ना सिर्फ देसी बल्कि फिल्म में काम करने वाले विदेशी कलाकारों के रोल को भी दर्शक भूले नहीं हैं. फिल्म में आमिर खान के अपोजिट दो एक्ट्रेस को कास्ट किया गया था, जिसमें एक विदेशी हसीना रचेल शेली भी थीं. रचेल ने लगान में एलिजाबेथ रसैल का रोल किया था, जिन्हें 'गोरी मेम' से पॉपुलैरिटी मिली थी. लगान के 25 साल होने के मौके पर रचेल ने सोशल मीडिया पर आकर पूरी टीम को बधाई दी है और साथ ही फिल्म से जुड़ी अपनी खूबसूरत यादें भी शेयर की हैं. चलिए देखते हैं 25 साल बाद कैसी दिखती हैं लगान की गौरी मेम.
'गोरी मैम' ने शेयर की 'लगान' की यादें
रचेल शेली (Rachel Shelley) एक पॉपुलर ब्रिटिश एक्ट्रेस और मॉडल हैं. उन्हें ऑस्कर-नॉमिनेटेड बॉलीवुड फिल्म लगान (2001) में एलिजाबेथ रसेल (गोरी मेम) के रोल में देखा गया था. लगान के वक्त रचेल 32 साल की थी और आज वह 56 साल की हैं. लगान के 25 साल पूरे होने पर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा, 'हैलो, मैं आप सभी को 'लगान' की 25वीं एनिवर्सरी की हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहती हूं. यह एक बेहद रोमांचक अचीवमेंट है. यह अविश्वसनीय है. कभी-कभी मुझे लगता है कि यह कल की ही बात है और कभी-कभी ऐसा लगता है कि यह किसी दूसरे जन्म की बात है. इसलिए उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने इसे इतने सालों तक इस फिल्म को जिंदा रखा और इतना प्यार दिया'.
दर्शकों का जताया आभार
रचेल ने अपने वीडियो में आगे कहा है, 'मैं कहना चाहूंगी कि मुझे लगता है कि हम कलाकार और क्रू मिलकर फिल्म बनाते हैं, लेकिन दर्शक इसे देखकर, इतने सालों तक इतना प्यार और समर्थन देकर, आप ही हैं जो फिल्म को पूरा करते हैं. इसलिए हमें, मुझे यह तोहफा देने के लिए धन्यवाद, क्योंकि यह हर दिन मेरे साथ है और इसने मेरे द्वारा किए गए हर काम को प्रभावित किया है'.
फैंस को दिखाया यादगार बैट
इसके बाद रचेल ने अपने फैंस को भुज (गुजरात) में फिल्माई गई फिल्म 'लगान' के आखिरी दिन की एक खास यादगार चीज दिखाई, जिसमें वह एक क्रिकेट बैट दिखाती हैं, जिस पर फिल्म और क्रू के कई सदस्यों के साइन थे. उन्होंने कहा, 'यह बहुत ही इमोशनल दिन था. क्रू के कई सदस्यों ने मेरे लिए हस्ताक्षर किए, जो बहुत ही रोमांचक है. मैं इसे संजोकर रखूंगी, जैसे मैं 'लगान' को संजोकर रखती हूं.
25 साल बाद कैसी दिखती हैं रचेल?
रचेल के ताजा वीडियो में देखें तो यह विदेशी हसीना आज भी लगान की 'गोरी मैम' लग रही हैं. उनके चेहरे पर ना के बराबर ही बुढ़ापा नजर आ रहा है. आज भी उनके चेहरे पर वही ताजगी झलक रही है, जो आज से 25 साल पहले लगान में दिखाई थी.

