ETV Bharat / education-and-career

ऑरेंज ब्रिज प्रोग्राम: रिसर्च से लेकर करियर बनाने तक शोधकर्ताओं को मिलती है मदद

ऑरेंज ब्रिज प्रोग्राम एक ऐसे कौशल पर ध्यान केंद्रित करता है जो अक्सर पारंपरिक शैक्षणिक शिक्षा में नहीं होता है. चंचल मुखर्जी की रिपोर्ट.

Orange Bridge programme helps scientists, researchers to bridge gaps to develop future opportunities
फील्ड स्टडी पर वैज्ञानिकों की एक टीम को दिखाती प्रतीकात्मक तस्वीर (File Photo/ ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : August 23, 2026 at 7:31 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: कई वैज्ञानिकों और युवा शोधकर्ताओं के लिए, एक अच्छा शोध विचार होना बस शुरुआत है, लेकिन उस विचार को एक स्वीकृत परियोजना (Approved project) में बदलना, सरकारी फंडिंग हासिल करना और किसी फंडिंग एजेंसी के सामने उसे प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना उतना ही चुनौतीपूर्ण कार्य है.

'द ऑरेंज ब्रिज' (The Orange Bridge) का उद्देश्य इस अंतर को पाटना है, जिसके तहत उन्हें यह सिखाया जाता है कि अपने विचारों को आकर्षक शोध प्रस्तावों में कैसे बदलें और उन्हें इस तरह से कैसे प्रस्तुत करें जिससे फंडिंग और भविष्य के करियर के अवसरों को सुरक्षित करने की उनकी संभावनाओं में सुधार हो सके.

ईटीवी भारत से बात करते हुए, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के जैव-रसायन विभाग (Biochemistry Division) की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेदा कृष्ण ने कहा कि यह कार्यक्रम एक ऐसे कौशल पर ध्यान केंद्रित करता है जो अक्सर पारंपरिक शैक्षणिक शिक्षा से गायब रहता है - यानी अपने शोध को प्रभावी ढंग से कैसे कम्युनिकेट किया जाए. छात्रों और वैज्ञानिकों को शोध करने का प्रशिक्षण दिया जाता है, लेकिन प्रस्ताव लिखने, विभिन्न फंडिंग निकायों से संपर्क करने या अपने प्रोजेक्ट्स को प्रस्तुत करने के तरीके के बारे में उन्हें अक्सर सीमित औपचारिक प्रशिक्षण ही मिल पाता है.

वेद कृष्णा ने बताया, "हम रिसर्च करते हैं, लेकिन उस रिसर्च को लिखने या प्रस्तुत करने का उचित प्रशिक्षण हमें नहीं मिलता है. विभिन्न फंडिंग एजेंसियों की किसी प्रोजेक्ट को प्रस्तुत करने के लिए अलग-अलग जरूरतें होती हैं. यह प्रोग्राम शोधकर्ताओं को यह समझने में मदद करता है कि अपने विचारों को कैसे प्रस्तुत करें ताकि उन्हें फंडिंग मिल सके और उनके प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल सके."

दिल्ली स्थित IARI के एक हालिया प्रोग्राम में, शुरुआती और मध्यम करियर वाले लगभग 30 वैज्ञानिकों को पांच समूहों में बांटा गया था. हर टीम ने एक विचार विकसित किया, उसे एक परियोजना में बदला और फिर एक लाइव पिचिंग अभ्यास के जरिये उसे प्रस्तुत किया. इस प्रक्रिया ने प्रतिभागियों को विचार सृजन और परियोजना विकास से लेकर पिचिंग और चयन तक की पूरी यात्रा का अनुभव करने का अवसर प्रदान किया.

उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम IITs सहित करीब नौ संस्थानों में पहले ही आयोजित किया जा चुका है, जबकि नए भाग लेने वाले संस्थान में पहली बार 'ऑरेंज ब्रिज' प्रारूप पेश किया गया है.

वैज्ञानिक प्रशिक्षण में अक्सर अनदेखी रह जाने वाली कमी को देखते हुए, चार वैज्ञानिक, ICAR-IARI नई दिल्ली की डॉ. वेद कृष्णा, CSIR-IMMT भुवनेश्वर की डॉ. श्रीपर्णा चटर्जी, IIT हैदराबाद के प्रो. चंद्रशेखर शर्मा, और CSIR CSIO चंडीगढ़ की डॉ. पूजा देवी, बड़े संस्थानों से एक साथ आए और एक बुनियादी सवाल का पता लगाया कि कैसे वैज्ञानिक प्रशिक्षण, तकनीकी विशेषज्ञता से आगे बढ़कर शोधकर्ताओं को नेतृत्व के लिए आवश्यक कौशल से लैस कर सकता है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है.

ट्रेनिंग पाने वाले प्रतिभागी
इस प्रोग्राम ने 74 से अधिक संस्थानों के 306 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया है और 10 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित की हैं. इस समूह का विजन है कि अगले 2030 तक 10,000 से अधिक लोगों को प्रशिक्षित किया जाए, 200 से अधिक संस्थानों को जोड़ा जाए और 500 महिला नेताओं का मार्गदर्शन किया जाए.

अनुदान संबंधी बाधाओं को पार करने में मदद करना
युवा वैज्ञानिकों और पीएचडी स्कॉलर्स के लिए, सरकार द्वारा वित्त पोषित शोध परियोजनाएं उनके काम को आगे बढ़ाने का एक अहम जरिया होती हैं. हालांकि, सिर्फ एक बेहतरीन शोध विचार होना ही काफी नहीं है. वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को अपनी प्रस्तावित कार्य की समस्या, नवीनता, उससे मिलने वाले परिणामों और उसके संभावित प्रभाव के बारे में साफ-साफ बताना होता है.

ऑरेंज ब्रिज प्रतिभागियों को इन कौशलों का अभ्यास कराने के लिए व्यावहारिक तौर-तरीकों का उपयोग करता है. इसमें प्रतिभागियों को छोटे-छोटे समूहों में बांटा जाता है. फिर उन्हें नए विचार गढ़ने, उन्हें प्रोजेक्ट में बदलने और अंत में दूसरों के सामने उनकी प्रस्तुति देने के लिए कहा जाता है. इस पूरी प्रक्रिया के जरिये वे सीखते हैं कि अपने विचारों को कैसे व्यवस्थित किया जाए और उन्हें इस तरह से कैसे पेश किया जाए कि वे फंडिंग एजेंसियों को आकर्षित कर सकें.

वास्तविक जीवन के अभ्यासों के माध्यम से सीखना
सिर्फ लेक्चर पर निर्भर रहने के बजाय, यह प्रोग्राम रचनात्मकता, समस्या-समाधान और संचार कौशल विकसित करने के लिए खेलों और गतिविधि-आधारित सीखने की प्रक्रिया का उपयोग करता है. एक अभ्यास में, प्रतिभागियों को अखबार जैसी साधारण सी चीज दी जाती है और उससे अलग-अलग तरीके से उपयोग करने के बारे में सोचने को कहा जाता है. जहां एक व्यक्ति इसे सूक्ष्मदर्शी में बदलने की कल्पना कर सकता है, वहीं दूसरा गिटार बना सकता है. इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को एक ही संसाधन को अलग-अलग दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित करना है.

इस तरह की रचनात्मक सोच नवाचार और आविष्कार से गहराई से जुड़ी होती है- ये ऐसे गुण हैं जो शोध प्रस्तावों को मजबूत कर सकते हैं और शोधकर्ताओं को अधिक मौलिक समाधान विकसित करने में मदद कर सकते हैं.

शोध से जॉब तक
यह प्रोग्राम केवल विद्यार्थियों को शोध के लिए फंडिंग प्राप्त करने में मदद करने तक सीमित नहीं है. यह इस बात पर भी ध्यान केंद्रित करता है कि वे अपना करियर बनाने के लिए खुद को और अपने शोध को कैसे प्रस्तुत कर सकते हैं. पीएचडी स्कॉलर्स के लिए, पोस्टडॉक्टरल पदों के लिए आवेदन करते समय, अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में भाग लेते समय या शोध पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करते समय अपने शोध को स्पष्ट रूप से समझाना बहुत अहम है.

यह प्रोग्राम प्रतिभागियों को यह समझने में मदद करता है कि करियर की नई संभावनाएं पैदा करने के लिए उनकी शैक्षणिक योग्यताओं और शोध रुचियों को अन्य विषयों के साथ कैसे जोड़ा जा सकता है. उदाहरण के लिए, विज्ञान और कानून दोनों की पढ़ाई करने वाला एक छात्र पेटेंट वकील के रूप में करियर तलाश सकता है. इस तरह के अंतर-विषयक या "करियर संयोजन" के अवसर तेजी से महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं, लेकिन छात्रों को हमेशा यह पता नहीं होता है कि ऐसे करियर पथ मौजूद हैं.

नेटवर्किंग और सहयोग
प्रतिभागियों को विभिन्न शैक्षणिक और व्यावसायिक पृष्ठभूमि के लोगों के साथ बातचीत करने और संभावित सहयोगियों की पहचान करना सीखने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है. समूह गतिविधियों और खेलों के जरिये, वे अपने विचारों को कम्युनिकेट करना, एक टीम के रूप में काम करना और पेशेवर नेटवर्क विकसित करना सीखते हैं. ये कौशल रिसर्च पदों, सहयोगों, पोस्टडॉक्टरल अवसरों या पारंपरिक शैक्षणिक करियर पथों से बाहर नौकरियों की तलाश करने वाले छात्रों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं.

मिलकर सीखना
यह प्रोग्राम शुरू में उन वैज्ञानिकों के लिए तैयार किया गया था जो नियमित रूप से शोध प्रस्तावों पर काम करते हैं. हालाकिं, अब ऐसे ही मॉड्यूल स्नातकोत्तर छात्रों, पीएचडी शोधार्थियों, पोस्टडॉक्टरल शोधकर्ताओं और संकाय सदस्यों के लिए भी डिजाइन किए जा रहे हैं. प्रतिभागियों के स्तर और जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण को कस्टमाइज किया जाता है.

यह भी पढ़ें- CBSE ने KVS और NVS के लिए टियर 2 भर्ती परीक्षा के रिजल्ट घोषित किए