ETV Bharat / business

वार्नर ब्रदर्स ने पैरामाउंट की बोली ठुकराई, नेटफ्लिक्स सौदे का समर्थन बरकरार

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने कहा कि बोर्ड ने पैरामाउंट के 77.9 अरब डॉलर के प्रस्ताव की समीक्षा के बाद इसे अस्वीकार करने का फैसला किया.

Etv Bharat
वार्नर ब्रदर्स स्टूडियो के लॉट में वॉटर टावर (FILE)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : January 8, 2026 at 10:25 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

न्यूयॉर्क: मीडिया और एंटरटेनमेंट जगत में जारी बड़े कॉरपोरेट संघर्ष के बीच वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (WBD) ने एक बार फिर पैरामाउंट की टेकओवर पेशकश को ठुकरा दिया है. कंपनी ने बुधवार को साफ किया कि पैरामाउंट की ओर से दिया गया प्रस्ताव उसके और उसके शेयरधारकों के हित में नहीं है. इसके साथ ही बोर्ड ने शेयरधारकों से नेटफ्लिक्स के साथ हुए 72 अरब डॉलर के सौदे का समर्थन करने की अपील दोहराई.

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने बयान में कहा कि बोर्ड ने पैरामाउंट के 77.9 अरब डॉलर के प्रस्ताव की समीक्षा के बाद इसे अस्वीकार करने का फैसला किया. कंपनी के चेयरमैन सैमुअल डी पियाज़ा जूनियर ने कहा कि पैरामाउंट का प्रस्ताव पर्याप्त मूल्य नहीं देता और इसमें अत्यधिक कर्ज आधारित फंडिंग शामिल है, जिससे सौदे के पूरा होने को लेकर गंभीर जोखिम पैदा होते हैं. उन्होंने कहा कि अगर यह सौदा किसी कारणवश पूरा नहीं होता है, तो शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा के लिए इसमें जरूरी प्रावधान भी नहीं हैं.

इसके मुकाबले, नेटफ्लिक्स के साथ किया गया बाध्यकारी समझौता अधिक मूल्य, अधिक निश्चितता और कम जोखिम प्रदान करता है. वार्नर का मानना है कि नेटफ्लिक्स के प्रस्ताव से शेयरधारकों को बेहतर और स्थिर रिटर्न मिलेगा, जबकि पैरामाउंट का ऑफर अतिरिक्त लागत और अनिश्चितता से भरा हुआ है.

गौरतलब है कि पैरामाउंट ने हाल ही में अपनी बोली को और आकर्षक बनाने की कोशिश की है. कंपनी ने ओरेकल के संस्थापक लैरी एलिसन की ओर से 40.4 अरब डॉलर की इक्विटी फंडिंग के लिए “अपरिवर्तनीय व्यक्तिगत गारंटी” की घोषणा की थी. लैरी एलिसन, पैरामाउंट के सीईओ डेविड एलिसन के पिता हैं. इसके अलावा, पैरामाउंट ने नियामकीय बाधाओं के चलते सौदा रुकने की स्थिति में शेयरधारकों को दिए जाने वाले भुगतान को बढ़ाकर 5.8 अरब डॉलर कर दिया है, जो नेटफ्लिक्स के प्रस्ताव के बराबर है.

इसके बावजूद, वार्नर ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि पैरामाउंट का प्रस्ताव मूल रूप से एक लीवरेज्ड बायआउट जैसा है, जिसमें भारी मात्रा में कर्ज शामिल है और सौदे को पूरा होने में 12 से 18 महीने तक लग सकते हैं. यह समय-सीमा और वित्तीय संरचना दोनों ही जोखिम बढ़ाती हैं.

नेटफ्लिक्स और पैरामाउंट के प्रस्तावों के बीच एक अहम अंतर यह भी है कि दोनों कंपनियां वार्नर से अलग-अलग परिसंपत्तियां चाहती हैं. नेटफ्लिक्स केवल वार्नर के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग कारोबार को खरीदना चाहता है, जिसमें एचबीओ मैक्स और टीवी-फिल्म प्रोडक्शन यूनिट शामिल हैं. वहीं पैरामाउंट पूरी कंपनी को अपने नियंत्रण में लेना चाहता है, जिसमें सीएनएन और डिस्कवरी जैसे न्यूज और केबल नेटवर्क भी आते हैं.

विशेषज्ञों के मुताबिक, दोनों ही सौदों को कड़े एंटीट्रस्ट जांच का सामना करना पड़ेगा. अमेरिकी न्याय विभाग के साथ-साथ अन्य देशों के नियामक भी इन विलयों की समीक्षा कर सकते हैं, जिससे आगे की राह और जटिल हो सकती है.

यह भी पढ़ें- Netflix–Warner Bros. सौदे पर राष्ट्रपति Trump की कड़ी आपत्ति