भारतीय शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत, सेंसेक्स 108 अंक फिसला, निफ्टी 26,100 के नीचे
बीएसई सेंसेक्स 108 अंक गिरकर 84,852 के स्तर पर आ गया. निफ्टी 46 अंक की गिरावट के साथ 26,094 पर कारोबार कर रहा था.

Published : January 8, 2026 at 9:35 AM IST
|Updated : January 8, 2026 at 10:07 AM IST
मुंबई: कमजोर वैश्विक संकेतों, मुनाफावसूली और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की गिरावट के साथ हुई. शुरुआती कारोबार में निवेशकों का रुख सतर्क नजर आया, जिसका असर प्रमुख सूचकांकों पर दिखा.
सुबह 9.23 बजे तक 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 108 अंक या 0.13 प्रतिशत गिरकर 84,852 के स्तर पर आ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 46 अंक या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,094 पर कारोबार कर रहा था.
विस्तृत बाजार भी लगभग बेंचमार्क सूचकांकों के अनुरूप ही चले. निफ्टी मिडकैप 100 में 0.32 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.14 प्रतिशत कमजोर रहा.
निफ्टी पैक में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली और ये प्रमुख बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे . सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स को छोड़कर लगभग सभी सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते दिखे. निफ्टी मेटल इंडेक्स सबसे ज्यादा नुकसान में रहा, जिसमें 1.27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 26,000 से 26,050 के स्तर पर है, जबकि ऊपरी स्तर पर 26,250 से 26,300 के बीच रेजिस्टेंस देखा जा रहा है . हालांकि अल्पकालिक कमजोरी के बावजूद बाजार का व्यापक रुझान अब भी सकारात्मक बना हुआ है. दैनिक चार्ट पर ‘हायर टॉप्स और हायर बॉटम्स’ का पैटर्न बना हुआ है, जो मध्यम अवधि में तेजी के संकेत देता है.
एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला. वॉल स्ट्रीट में आई गिरावट और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से बढ़े भू-राजनीतिक तनाव का असर एशियाई बाजारों पर पड़ा . चीन का शंघाई इंडेक्स 0.09 प्रतिशत चढ़ा, जबकि शेनझेन 0.2 प्रतिशत फिसला. जापान का निक्केई 0.96 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.26 प्रतिशत नीचे रहा . वहीं दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ.
अमेरिकी बाजारों की बात करें तो रातभर कारोबार में ज्यादातर सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए. हालांकि नैस्डैक में 0.16 प्रतिशत की हल्की बढ़त रही, जबकि एसएंडपी 500 में 0.34 प्रतिशत और डाउ जोंस में 0.94 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
विदेशी निवेशकों के मोर्चे पर 5 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,528 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,889 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की.
यह भी पढ़ें- 300 अरब बैरल तेल, 40 लाख टन सोना... खनिजों से मालामाल वेनेजुएला, फिर भी क्यों है गरीब?

