ETV Bharat / business

शेयर बाजार खुलते ही चमका: सेंसेक्स 200 अंक उछलकर 78,504 पर पहुंचा, निफ्टी में भी बढ़त

सेंसेक्स 200 अंक उछलकर 78,504 और निफ्टी 24,488 पर पहुंचा; पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों, सस्ते क्रूड और आईटी शेयरों में तेजी से बाजार मजबूत.

Etv Bharat
सांकेतिक फोटो (getty image)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : July 7, 2026 at 10:19 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स मंगलवार को शुरुआती कारोबार में मजबूती के साथ ट्रेड कर रहे हैं. पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों के 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बने रहने से घरेलू बाजार को बड़ा सपोर्ट मिला है.

शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 0.27 प्रतिशत या 200 से अधिक अंकों की छलांग लगाकर 78,504 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया. वहीं, एनएसई (NSE) निफ्टी 50 भी लगभग 60 अंक या 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,488 के स्तर के आसपास कारोबार करता दिखा.

आईटी और बैंकिंग सेक्टर्स चमके
आज के कारोबार में आईटी, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े शेयरों ने बाजार की कमान संभाली. निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई और यह इंडेक्स 1.28 प्रतिशत ऊपर चढ़ गया. इसके अलावा, सरकारी बैंकिंग शेयरों में भी तेजी रही और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.45 प्रतिशत मजबूत हुआ.

मार्केट में चौतरफा तेजी के बीच कुछ सेक्टर्स और दिग्गज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव भी नजर आया. निफ्टी मेटल (धातु) से जुड़े शेयरों में सबसे ज्यादा मुनाफावसूली रही और यह इंडेक्स 0.86 प्रतिशत नीचे गिर गया. इसके बाद निफ्टी मीडिया में 0.38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. निफ्टी के प्रमुख शेयरों में टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट (Trent) सबसे बड़ी लूजर रही, जिसका शेयर शुरुआती कारोबार में ही 8.81 प्रतिशत तक टूट गया. इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में करीब 1-1 प्रतिशत की गिरावट आई.

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में अब साफ तौर पर तेजी के संकेत मिल रहे हैं. जानकारों ने बताया कि पिछले काफी समय से भारतीय बाजारों पर दबाव बनाने वाले दो सबसे बड़े कारण—कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FPI) की लगातार बिकवाली—अब पूरी तरह से पीछे छूट चुके हैं. कच्चे तेल की कीमतें अब युद्ध-पूर्व के सामान्य स्तर पर लौट आई हैं, वहीं विदेशी निवेशकों ने भी दोबारा खरीदारी शुरू कर दी है.

बाजार में लौट आया तेजी का ट्रेंड: एक्सपर्ट्स

तकनीकी मोर्चे पर निफ्टी ने फरवरी के बाद पहली बार अपने 200-दिन के एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (EMA) को पार किया है. एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि ऊपर की तरफ 24,600 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस रहेगा. इसे पार करने पर निफ्टी 24,800 की ओर बढ़ सकता है. वहीं, नीचे की तरफ 24,400-24,300 का जोन मजबूत सपोर्ट देगा.

कमोडिटी मार्केट की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड आज करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.77 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है.

यह भी पढ़ें- आपके शहर में सोने और चांदी के भाव क्या हैं, जानें कितना गिरा सोना